UPTET Result 2026: 62 हजार से ज्यादा कार्यरत शिक्षक फेल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपीटीईटी 2026 (UPTET) का रिजल्ट जारी कर दिया है। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 13 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। इस परिणाम का सबसे बड़ा पहलू यह है कि सरकारी स्कूलों में पहले से कार्यरत 62,028 शिक्षक अपनी नौकरी बचाने के लिए दी गई इस परीक्षा में फेल हो गए हैं। सफल उम्मीदवार अब आगामी शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं के लिए पात्रता प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
यूपीटीईटी 2026: आंकड़ों में पास प्रतिशत
आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के साथ-साथ कार्यरत शिक्षकों का पास प्रतिशत इस प्रकार रहा:
-
प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5): 7,13,648 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 5,71,435 सफल घोषित किए गए (पास प्रतिशत 80.07%)।
-
उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8): 10,57,021 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 7,59,513 अभ्यर्थियों ने सफलता पाई (पास प्रतिशत 71.85%)।
-
कार्यरत शिक्षक (प्राथमिक स्तर): 1,22,405 शिक्षकों ने परीक्षा दी, जिनमें 93,387 पास हुए (पास प्रतिशत 76.29%)।
-
कार्यरत शिक्षक (उच्च प्राथमिक स्तर): 1,46,394 शिक्षकों ने परीक्षा दी, जिनमें 1,13,384 सफल रहे (पास प्रतिशत 77.45%)।
कुल मिलाकर दोनों स्तरों में 2,68,799 कार्यरत शिक्षकों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 62,028 शिक्षक परीक्षा पास करने में असफल रहे।
5 शिफ्टों में परीक्षा, लागू हुआ नॉर्मलाइजेशन
यूपीटीईटी 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 केंद्रों पर किया गया था। कुल 19,94,661 उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन के चलते परीक्षा पांच अलग-अलग पारियों में आयोजित करानी पड़ी।
अलग-अलग शिफ्ट के प्रश्न पत्रों की कठिनाई में अंतर को देखते हुए आयोग ने रिजल्ट तैयार करने में नॉर्मलाइजेशन (Normalization) प्रक्रिया का इस्तेमाल किया है। आयोग के विज्ञापन के बिंदु 09 के तहत सभी उम्मीदवारों के प्रदर्शन का निष्पक्ष तुलनात्मक मूल्यांकन करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई है।
फेल शिक्षकों को मिलेंगे दो और मौके
यूपीटीईटी में असफल रहने वाले कार्यरत शिक्षकों को नौकरी बचाने के लिए अभी और मौके दिए जाएंगे। सरकार इन शिक्षकों के लिए एक विशेष टीईटी (Special TET) परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इस विशेष परीक्षा का नोटिफिकेशन सितंबर में जारी होने की उम्मीद है। इसके अलावा, इन शिक्षकों को संशोधित सीटीईटी (CTET) परीक्षा में भी शामिल होने का अवसर मिलेगा। सीटीईटी परीक्षा पास कर लेने पर इन शिक्षकों की नौकरी पर कोई खतरा नहीं रहेगा।
