योगी से टक्कर लेने डिम्पल यादव आगे, और फिर उन्होंने लगा दी वादों की झड़ी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं के जवाब में समाजवादी पार्टी (SP) ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपना विजन पेश कर दिया है। लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा सांसद डिंपल यादव ने राज्य की महिलाओं और छात्राओं को लुभाने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। पार्टी ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है, जिसके तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डिंपल यादव ने स्पष्ट किया कि केवल सशक्तिकरण की बातें करने से महिलाओं की शक्ति का विकास नहीं होगा, बल्कि उन्हें वास्तविक प्रतिनिधित्व देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सपा का मुख्य संकल्प है कि आबादी का आधा हिस्सा होने वाली हर महिला की गरिमा और समृद्धि सुनिश्चित की जाए।
स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना और आर्थिक आज़ादी
सपा सांसद ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का खाका पेश करते हुए बताया कि इसके तहत पार्टी सीधे महिलाओं के बैंक खातों में धनराशि भेजेगी। इस योजना की शुरुआत 40 हजार रुपये से होगी और प्रति वर्ष इस राशि में बढ़ोतरी की जाएगी।
योजना के तहत तकनीकी सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया है। इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाली और प्रतिभावान छात्राओं को ‘लैपटॉप’ देने का वादा किया गया है। इसके अलावा, महिलाओं को स्वतंत्र रूप से सामाजिक संवाद स्थापित करने के लिए ‘मोबाइल फोन’ दिए जाएंगे। रोजगार के मोर्चे पर ‘पीडीए (PDA) पाठशाला’ के माध्यम से महिलाओं के हुनर को विकसित कर उन्हें रोजगार से जोड़ने की रूपरेखा पेश की गई है।
‘महिला’ और ‘सम्मान’ शब्दों का विशेष अर्थ
डिंपल यादव ने योजनाओं के नामकरण के पीछे की सोच भी स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि ‘महिला’ (woman) शब्द का इस्तेमाल जानबूझकर किया गया है। उनका तर्क है कि लड़की, युवती या लेडी जैसे शब्द किसी खास उम्र समूह की ओर इशारा करते हैं, जबकि ‘महिला’ शब्द पूरे जेंडर को दर्शाता है और यह हर उम्र पर लागू होता है।
इसी तरह ‘सम्मान’ शब्द के चयन पर उन्होंने कहा कि सम्मान हर महिला का सबसे पहला अधिकार होना चाहिए, जिसका उसकी सामाजिक या आर्थिक स्थिति से कोई लेना-देना नहीं है।
शिक्षा, सुरक्षा और कामकाजी महिलाओं के लिए वादे
प्रेस वार्ता में शिक्षा, सुरक्षा और कामकाजी महिलाओं को ध्यान में रखते हुए कई अन्य अहम वादे किए गए:
-
स्कूल फीस और फ्री यात्रा: लड़कियों के लिए सरकारी स्कूलों में पूरी फीस माफ करने और प्राइवेट स्कूलों में आधी फीस किए जाने का ऐलान किया गया है। साथ ही, पूरे प्रदेश में महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा शुरू की जाएगी।
-
1090 विमेन पावर लाइन: महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘1090 विमेन पावर लाइन’ को फिर से मजबूत किया जाएगा। इसमें पर्याप्त प्रशिक्षित महिला कर्मियों की तैनाती, तय समय में कार्रवाई, शिकायत निपटारे तक फॉलोअप और जिला स्तर पर जवाबदेही तय करने का नियम होगा।
-
2 दिन का आकस्मिक अवकाश: कामकाजी महिलाओं को राहत देते हुए हर महीने 2 दिन का आकस्मिक अवकाश (Casual Leave) दिया जाएगा।
-
शौचालय और स्वास्थ्य सेवाएं: सरकारी हो या निजी दफ्तर, हर जगह महिलाओं के लिए अनिवार्य रूप से शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, महिलाओं के लिए समर्पित एम्बुलेंस सेवा शुरू होगी, जिसमें प्रशिक्षित स्टाफ के साथ गर्भवती माताओं को प्राथमिकता मिलेगी। हर तहसील में वृद्धाश्रम और जेरिएट्रिक केयर सेंटर भी बनाए जाएंगे।
मंच पर नजर आया सपा का महिला नेतृत्व
इस बड़े राजनीतिक ऐलान के दौरान समाजवादी पार्टी का प्रमुख महिला नेतृत्व एक साथ मंच पर नजर आया। मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैराना सांसद इकरा हसन, मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज, विधायक नसीम सोलंकी और रागिनी सोनकर मौजूद थीं। इसके अलावा पार्टी की वरिष्ठ नेता जूही सिंह, मधु गुप्ता और पूजा शुक्ला सहित कई पदाधिकारी भी इस दौरान उपस्थित रहीं।
