योगी का बड़ा ऐलान: UP में 6 महीने में 1 लाख युवाओं की सरकारी भर्ती

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के 1 लाख युवाओं को अलग-अलग चरणों में हर सप्ताह सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान की।
योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा, “अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख नौजवानों को फिर सरकारी नियुक्ति पत्र अलग-अलग स्टेज में हर सप्ताह उपलब्ध करवाने जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अलग-अलग सेक्टर में युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
9.30 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 9 लाख 30 हजार से ज्यादा उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों में किसी तरह का सवाल नहीं उठाया जा सकता।
सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया को पहले की व्यवस्था से अलग करने पर काम किया है। उन्होंने दावा किया कि अब भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को लंबे समय तक परिणाम का इंतजार नहीं करना पड़ता।
2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर निशाना
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय नियुक्ति का विज्ञापन जारी होने के बाद राजनीतिक प्रभाव और वसूली का दौर चलता था।
योगी ने कहा कि पहले नौजवान भर्ती के परिणाम का इंतजार करता रहता था और बाद में मामला अदालत तक पहुंच जाता था। उन्होंने इस स्थिति के लिए उस समय आयोगों और बोर्डों में मौजूद सरकारी तंत्र तथा भ्रष्ट लोगों को जिम्मेदार ठहराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शुरुआत से ही अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। भर्ती प्रक्रिया में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की बात उन्होंने दोहराई।
‘नकल माफिया की कमर तोड़ेंगे’
मुख्यमंत्री ने परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोहों को लेकर भी सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि सरकार “नकल माफिया की भी कमर तोड़ेंगे”।
योगी ने कहा कि विभिन्न संस्थानों में बैठे माफिया और उनके कथित आकाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए ऐसे तत्वों पर शिकंजा कसना जरूरी है।
‘योग्यतम अभ्यर्थियों का चयन होने से पूरे प्रदेश को फायदा’
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति प्रक्रिया में योग्यता और बिना भेदभाव के चयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब योग्यतम अभ्यर्थियों का चयन होता है तो उसका फायदा केवल नौकरी पाने वाले युवा को नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश को मिलता है।
उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का इस्तेमाल प्रदेश के विकास में होता है। योगी ने इसे BJP की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों में से एक बताया और कहा कि सरकार ने इसी दिशा में काम किया है।
