लालू यादव से मिले पवन सिंह, छुए पैर और बोले- ‘चाचा, बहुत दिन बाद मिले’

pawan singh
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

पटना: BJP MLC और भोजपुरी स्टार पवन सिंह का RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव के साथ मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पवन सिंह लालू यादव के पैर छूते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह लालू यादव से कहते हैं, “चाचा, बहुत दिन बाद मिले।”

दोनों की यह मुलाकात पटना के ज्ञान भवन में आयोजित रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले के दौरान हुई। कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई चर्चित चेहरे और राजनीतिक हस्तियां मौजूद थीं।

पवन सिंह ने लालू यादव के छुए पैर

वीडियो में पवन सिंह कार्यक्रम के दौरान लालू प्रसाद यादव के पास पहुंचते हैं। लालू को देखते ही वह उनके पैर छूते हैं और अभिवादन करते हुए कहते हैं, “चाचा, बहुत दिन बाद मिले।”

लालू यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थे। तेज प्रताप यादव के शो में शामिल होने के कारण उनके पिता लालू प्रसाद यादव भी ग्रैंड फिनाले में पहुंचे थे। इसी दौरान पवन सिंह से उनकी मुलाकात हुई।

एक मंच पर दिखे भोजपुरी सिनेमा के बड़े चेहरे

‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले में भोजपुरी सिनेमा से जुड़े कई चर्चित कलाकार एक साथ नजर आए। पवन सिंह के अलावा दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।