डूबा अंडरपास, गंदे पानी से स्कूल जा रहे बच्चे; अरुण गोविल ने उठाया मुद्दा

meerut-panchi-railway-underpass-waterlogging-arun-govil
अजमल शाह
अजमल शाह

मेरठ: बारिश के बाद मेरठ के पांची रेलवे अंडरपास में कई फीट पानी और कीचड़ जमा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। अंडरपास से गुजरते बच्चों का वीडियो सामने आने के बाद मामला मेरठ के सांसद अरुण गोविल तक पहुंचा। सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

खरखौदा-पांची मार्ग पर बना यह अंडरपास पुराने रेलवे फाटक संख्या-11 की जगह तैयार किया गया है। बारिश होते ही यहां जलभराव की समस्या सामने आती है। पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अंडरपास में कई फीट तक पानी जमा हो जाता है। ऐसे में पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है।

गंदे पानी के बीच स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

पांची स्थित श्री आसाराम इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और छोटे बच्चों के गंदे पानी से होकर गुजरने का वीडियो सामने आया है। जलभराव और कीचड़ के बीच से गुजरकर बच्चों को स्कूल पहुंचना पड़ रहा है।

बारिश के बाद अंडरपास की स्थिति को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं। बच्चों के कपड़े और जूते गंदे होने के अलावा पानी में फिसलने या किसी अन्य दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

कई गांवों के लोगों का रास्ता प्रभावित

पांची अंडरपास से सिर्फ स्थानीय लोगों का ही नहीं, बल्कि खरखौदा, पांची, सेतकुआं और चंदसारा समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों का भी आवागमन जुड़ा है।

अंडरपास में पानी भर जाने के बाद ग्रामीणों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है।

अरुण गोविल ने रेल मंत्री से की स्थायी समाधान की मांग

सांसद अरुण गोविल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान पांची अंडरपास की समस्या उनके सामने रखी। उन्होंने जलनिकासी की व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ ऐसा स्थायी समाधान निकालने की मांग की, जिससे बारिश के दौरान अंडरपास में पानी जमा न हो।

सांसद ने जरूरत के अनुसार अंडरपास के ऊपर शेड या कवरिंग किए जाने का सुझाव भी दिया है, ताकि बारिश का पानी सीधे अंडरपास में जमा न हो।