अखिलेश-मायावती समेत इन नेताओं की सुरक्षा बढ़ी, बुलेटप्रूफ जैकेट भी दी गई

0ce6d3b61cb17d4ffc77b0ac34a3b8b7ecca0a309d71a0d88be562937efef648
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कई प्रमुख नेताओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। जानकारी के मुताबिक, राज्य के करीब एक दर्जन नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती और प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि इन नेताओं की सुरक्षा को लेकर मिले इनपुट के बाद एहतियाती कदम के तौर पर यह व्यवस्था की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की सलाह के बाद यूपी के कुछ चर्चित नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है।

किन नेताओं को मिली बुलेटप्रूफ जैकेट?

जिन नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने की जानकारी सामने आई है, उनमें अखिलेश यादव, मायावती, जयवीर सिंह, सुरेश खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, ओम प्रकाश राजभर और डॉ. संजय निषाद समेत कई नाम शामिल हैं।

इसके अलावा पूर्व मंत्री सुरेश राणा और संगीत सोम समेत कुछ अन्य नेताओं को भीड़ वाले कार्यक्रमों के दौरान एहतियात बरतने और जरूरत पड़ने पर बुलेटप्रूफ जैकेट इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है।

पहले से मिल रही है अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा

इनमें से कई नेताओं को पहले से ही अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। चुनावी दौर में नेताओं की रैलियों और जनसभाओं में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सावधानी बरत रही हैं।

खासकर चुनावी सभाओं के दौरान नेताओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील माने जाने वाले नेताओं के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर नजर

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के साथ नेताओं की सुरक्षा भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है। बड़े नेताओं की रैलियों, रोड शो और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ संभावित सुरक्षा खतरों को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।