दिल्ली-UP समेत 19 राज्यों में बारिश, 9 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Alert
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

Kal Ka Mausam 22 August 2026: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है। दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने मैदानी इलाकों की चिंता भी बढ़ा दी है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 अगस्त के लिए देश के कई राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के डेली बुलेटिन के मुताबिक, 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है। इनमें कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। शनिवार, 22 अगस्त को राजधानी में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 अगस्त तक बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रहने की संभावना है।

इसके बाद 25 और 26 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

यूपी में कई जगह भारी बारिश, नदियों का बढ़ा जलस्तर

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी यूपी में व्यापक बारिश होने का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। यह स्थिति 24 अगस्त तक बनी रह सकती है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के कारण प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है।

बिहार में कई जिलों के लिए अलर्ट

बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के कई हिस्सों में येलो अलर्ट, जबकि दक्षिणी बिहार के कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी है।

पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा गोपालगंज, सिवान, रोहतास, कैमूर और बक्सर में भी खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर-पूर्वी और मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

हिमाचल में 4 जिलों के लिए येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में बारिश से मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। मौसम विभाग ने बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 27 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश में कई सड़कें प्रभावित हुई हैं। शुक्रवार सुबह तक राज्य में 128 सड़कें बंद थीं। इसके अलावा 18 ट्रांसफॉर्मर और पेयजल आपूर्ति की 52 योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

मंडी में सबसे ज्यादा 52 सड़कें बंद रहीं, जबकि कुल्लू में 43 और चंबा में 9 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

भारी बारिश की संभावना:
पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, ओडिशा और बिहार।

हल्की से मध्यम बारिश:
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप।