CJP ने लगाए आरोप; मदन बोले- स्कूलों को राजनीति का अखाड़ा न बनाएं

rajasthan-cjp-madan-dilawar-school-inspection-controversy
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

जयपुर: राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच स्कूलों के निरीक्षण को लेकर विवाद बढ़ गया है। जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव में CJP की टीम के स्कूल पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने घटना को लेकर BJP पर हमला कराने का आरोप लगाया और पथराव का दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी साझा किया।

घटना के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्कूलों में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का परिसर हैं और यहां राजनीति के बजाय शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों के भविष्य पर ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके जवाब में आशुतोष रांका ने मंत्री पर तीखा हमला बोला और आंदोलन की चेतावनी दी।

स्कूल निरीक्षण करने पहुंची थी CJP की टीम

CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका अपनी टीम के साथ जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव स्थित स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति बनी। CJP का आरोप है कि टीम को वहां से खदेड़ा गया और पथराव किया गया।

रांका ने इस घटना के लिए BJP पर आरोप लगाया।

घटना के बाद CJP के कार्यकर्ताओं के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने की बात कही गई है। पार्टी की ओर से इस मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।

मदन दिलावर बोले- स्कूलों को राजनीति का अखाड़ा न बनाएं

विवाद के बीच शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ कथित राजनीतिक दलों से जुड़े लोग विद्यालयों में जाकर “अनावश्यक रूप से माहौल बिगाड़ने” का प्रयास कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का “पवित्र परिसर” है। उनके मुताबिक, स्कूलों में राजनीति के बजाय शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

दिलावर ने शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों से भी ऐसे प्रयासों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की गरिमा, शैक्षणिक वातावरण और बच्चों के भविष्य की रक्षा में सभी को सहयोग करना चाहिए।

आशुतोष रांका का पलटवार, मंत्री पर तीखा हमला

मदन दिलावर के बयान पर आशुतोष रांका ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर नाकारा, नाकाबिल और भ्रष्ट होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह शिक्षा के मुद्दे पर बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं।

रांका ने आरोप लगाया कि सरकार को स्कूलों की स्थिति की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चे “भैंसों के तबेले में” पढ़ते रहे, लेकिन इससे मंत्री को कोई फर्क नहीं पड़ता।

उन्होंने मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें केवल गुंडागर्दी और हिंसा फैलाना आता है। रांका ने यह भी कहा, “आपका टाइम खत्म हो चुका है। जितनी गुंडागर्दी करनी है कर लीजिए।”