रेवंत रेड्डी के US दौरे को केंद्र की मंजूरी नहीं, मंत्रालय बोला- प्रोग्राम सही नहीं था

नई दिल्ली : तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिली। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रियों और अन्य प्रमुख लोगों के विदेश दौरों के लिए विदेश मंत्रालय राजनीतिक मंजूरी देता है और इसके लिए दौरे का कार्यक्रम पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए।
जायसवाल के मुताबिक, अमेरिका के मामले में प्रस्तावित कार्यक्रम इन मानकों के अनुरूप नहीं था, इसलिए राजनीतिक मंजूरी नहीं दी गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेवंत रेड्डी के ब्रिटेन दौरे को विदेश मंत्रालय की मंजूरी मिली थी।
अमेरिका जाने की नहीं मिली अनुमति
रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले आधिकारिक ‘तेलंगाना-राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका का दौरा रद्द करना पड़ा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, रेवंत रेड्डी उस समय लंदन में थे और वहां से अमेरिका जाने तथा 30 अगस्त को हैदराबाद लौटने की योजना थी।
सीएमओ ने कहा कि राज्य सरकार ने नीति और प्रोटोकॉल के तहत ब्रिटेन और अमेरिका, दोनों देशों की यात्रा के लिए केंद्र से अनुमति मांगी थी। हालांकि, केवल ब्रिटेन की यात्रा को मंजूरी मिली।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद केंद्र की ओर से राज्य सरकार को अमेरिका की यात्रा के लिए अनुमति नहीं दिए जाने की जानकारी दी गई।
ब्रिटेन दौरे को मिली थी मंजूरी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि रेवंत रेड्डी के ब्रिटेन दौरे को मंजूरी दी गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे दौरों में विदेश मंत्रालय राजनीतिक क्लीयरेंस के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम और यात्रा के उद्देश्य को देखता है।
जायसवाल ने कहा कि कार्यक्रम संबंधित व्यक्ति के पद और दौरे के मकसद के हिसाब से उपयुक्त होना चाहिए। उनके अनुसार, अमेरिका यात्रा के प्रस्ताव में यह स्थिति नहीं थी, जिसके चलते क्लीयरेंस नहीं दिया गया।
केंद्र के फैसले से रेवंत रेड्डी हैरान
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि अमेरिका दौरे की अनुमति नहीं मिलने से रेवंत रेड्डी हैरान हैं। सीएमओ के मुताबिक, ‘तेलंगाना राइजिंग’ के तहत प्रस्तावित यात्रा का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना और तेलंगाना को दुनिया के प्रमुख शिक्षण संस्थानों से जोड़ना था।
रेवंत रेड्डी के मुताबिक, यात्रा का एकमात्र उद्देश्य केंद्र की नई शिक्षा नीति के तहत दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद लाना था।
उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थानों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण हासिल करने की आकांक्षा रखने वाले युवाओं के लिए इससे अवसर तैयार हो सकते थे। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्तावित दौरे को ‘विकसित भारत’ में योगदान देने के राज्य सरकार के प्रयासों से भी जोड़ा।
23 अगस्त को हैदराबाद लौटने की योजना
अमेरिका यात्रा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री अब बोस्टन जाने के बजाय 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौटेंगे।
