मनुस्मृति से सेना तक, राहुल गांधी पर योगी का ताबड़तोड़ हमला

रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए बयान पर तीखा हमला बोला है। रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कांग्रेस के पुराने नेतृत्व पर भारत के विभाजन, नागरिकों के कत्लेआम और लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने राहुल गांधी पर भारत की विरासत को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने भारत बनाया नहीं, लेकिन बांटा जरूर है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भारत की विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। योगी के मुताबिक, राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से बाहर जाते हैं तो प्रदेश और भारत से बाहर जाते हैं तो देश को अपमानित करते हैं।
मनुस्मृति बयान पर योगी ने राहुल को घेरा
राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े किए हैं।
योगी ने राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिए उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें महिलाओं से मनुस्मृति के बंधन को तोड़कर बाहर आने की बात कही गई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को मनु के बारे में जानने के लिए अथर्ववेद और मत्स्य पुराण पढ़ने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में मां, बहन, पत्नी या बेटी के रूप में किसी न किसी महिला का संरक्षण और योगदान होता है।
लोकतंत्र और सेना को लेकर भी राहुल पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की आस्था का पता आपातकाल के दौरान ही चल गया था।
योगी ने राहुल गांधी पर भारतीय सेना से प्रमाण मांगने का आरोप भी लगाया। आतंक के खिलाफ देश की लड़ाई के संदर्भ में उन्होंने ऐसे लोगों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया।
‘विपक्ष वर्तमान पीढ़ी को बर्बाद करना चाहता है’
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल ‘शहरी नक्सलियों’ के हाथों भारत की वर्तमान पीढ़ी को बर्बाद करना चाहते हैं।
रायबरेली को लेकर योगी ने कहा कि इस क्षेत्र ने एक परिवार को लंबे समय तक ढोया है, लेकिन इसी परिवार ने रायबरेली के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया।
‘राहुल गांधी अपनी जिम्मेदारी समझें’
योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी से गैर जिम्मेदाराना हरकतों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर देश की संस्थाओं को कटघरे में खड़ा किया जाएगा तो भारत का हर नागरिक कटघरे में खड़ा होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और विपक्ष के नेता के तौर पर लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने संविधान की शपथ का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और गैर जिम्मेदाराना हरकतों से बचना चाहिए।
राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती कार्यक्रम में पहुंचे थे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रायबरेली में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक और ‘अवध केसरी’ राणा बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित ‘भाव समर्पण समारोह’ में पहुंचे थे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण किया। इसके बाद राणा चौक पहुंचकर राणा बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
