‘गालियां देती थीं मेनका…’ सोनिया गांधी ने बताया देवरानी से क्यों बिगड़े रिश्ते

menka
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

कांग्रेस (Congress) की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने अपनी हालिया प्रकाशित किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) में गांधी परिवार (Gandhi Family) के कई अनसुने राज खोले हैं। इस किताब में उन्होंने अपने देवर संजय गांधी (Sanjay Gandhi) और उनकी पत्नी मेनका गांधी (Maneka Gandhi) के रिश्ते, शादी और पारिवारिक अनबन पर बेबाकी से लिखा है।

संजय और मेनका की पहली मुलाकात और शादी की जिद

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि 1973 के अंत में संजय गांधी अपने एक स्कूल के दोस्त की मंगनी में मेनका आनंद से मिले थे। मेनका उस वक्त एलएसआर (LSR) कॉलेज में पढ़ती थीं, थोड़ी-बहुत मॉडलिंग करती थीं और संजय से 10 साल छोटी थीं।

रिश्ते की शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद संजय ने अपनी मां, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (Indira Gandhi), से कहा कि वे शादी करने के बारे में सोच रहे हैं। यह सुनकर इंदिरा गांधी हैरान रह गईं, क्योंकि संजय पहले भी अपनी महिला दोस्तों को परिवार से मिलवाते थे, लेकिन शादी की बात उन्होंने पहली बार की थी। इंदिरा ने संजय को इंतजार करने के लिए कहा, क्योंकि मेनका उस समय नाबालिग थीं।

इंदिरा गांधी की चिंता: सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी को लगता था कि उम्र के बड़े अंतर के कारण दोनों के बीच तालमेल में दिक्कत होगी। इसके अलावा, एक और बात ने इंदिरा को चिंतित कर दिया था। उन्हें जानकारी मिली थी कि मेनका की मां अमतेश्वर आनंद शादी की तारीख तय करने के लिए संजय पर दबाव बना रही थीं।

हालांकि, संजय के अड़े रहने पर सितंबर 1974 में दोनों की शादी हो गई।

“मेनका जिंदादिल थीं, लेकिन धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा”

शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए सोनिया लिखती हैं, “मेनका बहुत जिंदादिल, बातूनी और उत्साह से भरी लड़की थी। घर में ऐसी देवरानी का होना बहुत सुकून देने वाला था। प्रियंका भी अक्सर मेनका के कमरे में कहानियां सुनती मिलती थी।”

लेकिन, सोनिया के मुताबिक, धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा और दोनों के बीच चिढ़न की शुरुआत होने लगी।

सोनिया ने लिखा:

“घर में मुझे ‘बहूरानी’ कहा जाता था और मेनका को छोटे भाई की पत्नी होने के नाते ‘छोटी बहूरानी’। मेरे लिए हम दोनों उस घर की बेटियां थीं। लेकिन मेनका को शायद यह अपमानजनक लगता था। कई बार वह रूखा बोलती थीं, मैं शांति के लिए चुप रह जाती थी। लेकिन जब बात आगे बढ़ जाती थी, तो मैं भी जवाब देती थी।”

“गुस्से में गालियां देती थीं मेनका, इंदिरा जी के सामने भी”

किताब के सबसे चौंकाने वाले हिस्सों में से एक पारिवारिक कलह का जिक्र है। सोनिया गांधी लिखती हैं, “संजय और मेनका के बीच मतभेद भी हमारे सामने आने लगे थे। दोनों के बीच तेज आवाज में गुस्से भरी बातचीत होती थी। जब मेनका गुस्से में होती थीं, तो वह गालियां भी देती थीं, यहां तक कि इंदिरा गांधी के सामने भी।”

सोनिया ने एक संयुक्त परिवार में मेनका की स्थिति का विश्लेषण करते हुए लिखा कि एक युवा और मिलनसार लड़की के लिए उस अनुशासन वाले माहौल में रहना मुश्किल रहा होगा। संजय अपने कार प्रोजेक्ट में, इंदिरा जी काम में, राजीव अपनी पायलट की ड्यूटी में और सोनिया बच्चों में व्यस्त रहती थीं।

आपातकाल और इंदिरा गांधी की टिप्पणी: ‘इसके पर निकलने लगे हैं’

सोनिया के मुताबिक, आपातकाल (Emergency) के दौरान संजय गांधी की मनमानी से पार्टी के कई वरिष्ठ नेता नाखुश थे। इस बीच, मेनका की भूमिका ने इंदिरा गांधी की चिंताएं बढ़ा दी थीं।

सोनिया लिखती हैं, “संजय को समझाकर शांत करने के बजाय, मेनका उनकी हरकतों को बढ़ावा देती थीं और कई बार उनके क्रियाकलापों में हिस्सा भी लेती थीं।” किताब के अनुसार, इंदिरा गांधी ने मेनका की बढ़ती दखलअंदाजी से परेशान होकर उस समय के कैबिनेट सचिव पी.एन. धर (P.N. Dhar) से कहा था, “उसके (मेनका के) अभी से पर निकलने लगे हैं।”