सर्जरी के बाद पहली बार सामने आए पोप लियो, बोले, धीरे-धीरे काम पर लौटूंगा

फेफड़ों के कैंसर की सफल सर्जरी के बाद पोप लियो XIV (Pope Leo XIV) ने रविवार को वेटिकन सिटी के सेंट पीटर्स स्क्वायर (St Peter’s Square) में अपनी पहली प्रमुख सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराई। 71 वर्षीय पोप ने अपोस्टोलिक पैलेस की खिड़की से हजारों लोगों की भीड़ को मुस्कुराते हुए संबोधित किया और उनके लिए प्रार्थना करने वाले दुनिया भर के लोगों का आभार जताया।
दाहिने फेफड़े का एक हिस्सा निकाला गया
पोप लियो को मंगलवार को रोम के जेमेली अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सर्जरी के जरिए उनके दाहिने फेफड़े का एक हिस्सा निकाल दिया गया। शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अपने पहले ‘एंजेलस प्रार्थना’ संबोधन में उन्होंने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, इस नाजुक दौर को पार करने के बाद अब मैं धीरे-धीरे अपनी गतिविधियां और कामकाज फिर से शुरू करूंगा।”
इस दौरान सेंट पीटर्स स्क्वायर में मौजूद श्रद्धालुओं ने ‘विवा इल पापा!’ (पोप की जय हो!) के नारों के साथ उनके जल्द स्वस्थ होने का जश्न मनाया।
डॉक्टरों ने बताया रिकवरी को ‘संतोषजनक’
पोप के सर्जन स्टेफानो मार्गरीटोरा ने वेटिकन न्यूज को बताया कि पोप की क्लिनिकल स्थिति ‘बिल्कुल संतोषजनक’ है और उन्हें पूरी तरह से रिकवर होने में लगभग 10 दिन और लगेंगे। उन्होंने बताया कि रूटीन चेकअप के दौरान संयोग से फेफड़े के निचले हिस्से में ट्यूमर का पता चल गया था। हालांकि, यह कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों में फैला है या नहीं, इसकी टेस्ट रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
लैटिन अमेरिका का दौरा रहेगा जारी
सर्जरी के बाद पोप लियो के 6-17 नवंबर के बीच प्रस्तावित उरुग्वे, अर्जेंटीना और पेरू के दौरे को लेकर संशय पैदा हो गया था। बता दें कि पोप ने इन देशों में बतौर मिशनरी अपने जीवन के दो दशक बिताए हैं। लेकिन उनके सर्जन ने स्पष्ट किया है कि इस यात्रा को रद्द करने का कोई ‘क्लिनिकल कारण’ नहीं है और यह दौरा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार हो सकता है।
इस बीच, पोप ने अपना कूटनीतिक कामकाज फिर से शुरू कर दिया है। शुक्रवार को उन्होंने अस्पताल से ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन कर रूसी कब्जे वाले यूक्रेनी शहर ओलेश्की में युद्धविराम (Ceasefire) लागू करने की अपील की थी।

