वोट चोर गद्दी छोड़ के नारों से गूंजा पटना, छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन अब दिल्ली की सीमाओं से बाहर निकलकर बिहार पहुंच गया है।
मंगलवार को बिहार की राजधानी पटना में चुनाव आयोग और CEC के खिलाफ वामपंथी छात्र संगठन ‘आइसा’ (AISA) ने एक उग्र विरोध मार्च निकाला। छात्रों की मांग है कि SIR प्रक्रिया को तुरंत रद्द किया जाए और ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।
जेपी गोलंबर से शुरू हुआ मार्च, तोड़ी बैरिकेडिंग
AISA कार्यकर्ताओं का यह मार्च पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों का लक्ष्य चुनाव आयोग के खिलाफ लोकभवन तक मार्च करना था।
छात्रों को लोकभवन की तरफ जाने से रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पहली बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गए।
डाकबंगला चौराहे पर पुलिस से सीधा टकराव
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ते हुए जब प्रदर्शनकारी शहर के व्यस्त डाकबंगला चौराहे पर पहुंचे, तो वहां पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने छात्रों को वहीं रोक दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस द्वारा रोके जाने पर कई उग्र प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद” और “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे गूंजते रहे। काफी देर तक पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।
हाथों में पोस्टर- ‘चाय की दुकान तो चली नहीं आए हैं देश चलाने…’
मार्च में शामिल AISA के छात्रों के हाथों में तख्तियां और पोस्टर थे, जिन पर CEC ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें छपी थीं। इन पोस्टरों पर कई तीखे स्लोगन लिखे गए थे।
एक पोस्टर पर पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा था- ‘चाय की दुकान तो चली नहीं आए हैं देश चलाने…’। वहीं एक अन्य पोस्टर पर पुलिस प्रशासन पर तंज कसते हुए लिखा था- ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’
कई छात्र हिरासत में
डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रदर्शनकारियों को लोकभवन की तरफ आगे नहीं बढ़ने दिया। इस दौरान उग्र हो रहे कई छात्रों को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया है। फिलहाल डाकबंगला चौराहे के आसपास पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली में भी ‘INDIA’ गठबंधन लगातार चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरा हुआ है और सोमवार को ही राहुल गांधी की अगुवाई में 11 नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में आयोग के खिलाफ याचिका भी दाखिल की है।

