नेपाल में इंसानियत शर्मसार: बाढ़ में बहकर आए महिला के शव से उतारे गहने

nepal
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

काठमांडू :  नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बीच इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। बाढ़ के पानी में बहकर नारायणी नदी तक पहुंची एक मृत महिला के कानों से सोने की बालियां चुराने के आरोप में नेपाल पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सोशल मीडिया पर चोरी का एक शर्मनाक वीडियो वायरल होने के बाद की गई।

वायरल वीडियो से हुआ घटना का खुलासा

नेपाल पुलिस द्वारा साझा किए गए 41 सेकेंड के एक वीडियो से इस पूरी अमानवीय घटना का खुलासा हुआ। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो व्यक्ति लकड़ी के तख्तों और मृत महिला के बालों की मदद से शव को पानी से बाहर खींचते हैं। शव के बाहर आने पर वे महिला के दोनों कानों से सोने की बालियां निकालकर अलग रख देते हैं। घटना के वक्त वहां मौजूद कुछ लोग इसका वीडियो बना रहे थे, जिसके जरिए यह मामला पुलिस की नजर में आया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी अरेस्ट

वीडियो के आधार पर संज्ञान लेते हुए चितवन पुलिस ने मामले की जांच की और शव की शिनाख्त नारायणी नदी में बहकर आई बाढ़ पीड़िता के रूप में की। पुलिस ने वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय मदन गुरूंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी के रूप में की है।

नेपाली मीडिया पोर्टल खबरहब की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आरोपियों को गुरुवार को भरतपुर महानगरपालिका-1 स्थित पोखरा बस पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों को निशाना बनाने और लूटपाट जैसी अमानवीय गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तबाही का खौफनाक मंजर: 392 मौतें, 1400 लापता

यह घटना उस वक्त हुई है जब नेपाल हाल के वर्षों की सबसे भीषण प्राकृतिक त्रासदी का सामना कर रहा है। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस जलप्रलय में अब तक कम से कम 392 लोगों की मौत हो चुकी है और कई गांव पूरी तरह से बह गए हैं। राहत एवं बचाव दल कीचड़ और मलबे के बीच 1,400 से अधिक लापता लोगों की तलाश में युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं।

चीन-तिब्बत सीमा पर भी मलबा और तबाही

बाढ़ और भूस्खलन का असर तिब्बत सीमा पर भी भयानक रहा है। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, तिब्बत में बुधवार को आए शक्तिशाली मडस्लाइड (मलबा प्रवाह) ने ग्यिरोंग पोर्ट पर स्थित बहुमंजिला इमारत और बस पार्किंग क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

आसपास के क्षेत्रों में औसतन 1.5 मीटर (करीब 5 फीट) तक कीचड़ जमा हो गया है। सीमा चौकी तक जाने वाली सभी प्रमुख सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में नए सिरे से भूस्खलन और भूधंसाव का खतरा बना हुआ है।