Nvidia CEO को बनाया गया चीनी खुफिया एजेंसी का निशाना? जांच के घेरे में!

nvidia
Jyoti Atmaram Ghag
Jyoti Atmaram Ghag

दुनिया की सबसे मूल्यवान और एआई चिप (AI Chip) बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) इन दिनों एक बड़े विवाद के केंद्र में है। कंपनी के निदेशक मंडल (Board of Directors) ने रविवार को घोषणा की है कि वे उन रिपोर्ट्स की जांच शुरू कर रहे हैं, जिनमें दावा किया गया है कि सीईओ जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) एक ‘विदेशी खुफिया प्रयास का लक्ष्य’ थे।

यह घोषणा तब हुई है जब जेन्सेन हुआंग ने बोर्ड के सामने स्वीकार कर लिया कि उनके एक महिला बिजनेस एग्जीक्यूटिव (Business Executive) के साथ अंतरंग संबंध (Intimate Relationship) थे। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ (The New York Times) की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया है कि यह महिला कथित तौर पर बीजिंग (चीन) के लिए संवेदनशील जानकारी इकट्ठा कर रही थी।

“मैंने पत्नी और परिवार का भरोसा तोड़ा”: जेन्सेन हुआंग का कबूलनामा

एसोसिएटेड प्रेस (AP) को मिले जेन्सेन हुआंग के एक आंतरिक ईमेल के अनुसार, उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों के सामने अपनी गलती मान ली है। हुआंग ने ईमेल में लिखा कि वह अपनी पत्नी के प्रति ‘बेवफा’ (Unfaithful) रहे हैं। उन्होंने अपने परिवार और सहकर्मियों से माफी मांगते हुए कहा कि वह अपने कार्यों की “पूरी जिम्मेदारी” लेते हैं।

हुआंग ने लिखा, “एनवीडिया का नेतृत्व करना मेरे जीवन का सौभाग्य है। मेरी जिम्मेदारी आपकी सेवा करना और आपके विश्वास के योग्य होना है, लेकिन मैं उस जिम्मेदारी से चूक गया हूं।” हालांकि, अपने ईमेल में जेन्सेन ने यह भी साफ किया कि “मैं हमारे देश (अमेरिका) और कंपनी से प्यार करता हूं। मैं एनवीडिया की रक्षा करने और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा का समर्थन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।”

एलिस हुआंग कौन हैं?

टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पिछले महीने खुलासा किया था कि जेन्सेन हुआंग के ‘एलिस हुआंग’ (Alice Huang) नामक एक चीनी नागरिक और चिप बायर (Chip Buyer) के साथ करीबी संबंध विकसित हो गए थे। (इन दोनों के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है)।

खुफिया एजेंसियों ने यह भी निर्धारित किया कि एलिस सीधे बीजिंग (Beijing) को जानकारी पहुंचा रही थी। एलिस हुआंग पूर्व में चीन में एक टेलीविजन रिपोर्टर रह चुकी हैं। इसके बाद वे सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ (Megaspeed) में शीर्ष अधिकारी बनीं।

मेगास्पीड पिछले कुछ समय में दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक बन गई है। टाइम्स के अनुसार, मेगास्पीड ने पिछले दो वर्षों में 4.8 बिलियन डॉलर (करीब 4.8 अरब डॉलर) से अधिक के एनवीडिया चिप्स खरीदे हैं।

जांच तक CEO बने रहेंगे हुआंग, बोर्ड को समझौता होने की आशंका नहीं

एनवीडिया के बोर्ड ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि उनके पास फिलहाल यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के कोई ट्रेड सीक्रेट्स (Trade Secrets) से समझौता किया गया है। लेकिन सभी उपलब्ध सूचनाओं की गहन जांच की जाएगी।

बोर्ड ने बताया कि जेन्सेन हुआंग जांच का पूरा समर्थन कर रहे हैं और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं। कंपनी के प्रवक्ता जॉन रिज़ो ने साफ किया है कि 63 वर्षीय जेन्सेन इस जांच के दौरान सीईओ के पद पर बने रहेंगे और यह विवाद एनवीडिया की तरक्की को धीमा नहीं करेगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने किया जेन्सेन का बचाव

इस पूरे विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने जेन्सेन हुआंग का खुलकर बचाव किया है। व्हाइट हाउस लौटने से पहले रविवार को पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि इस नए घटनाक्रम के बाद उनकी जेन्सेन से बात नहीं हुई है, लेकिन उन्होंने उनके काम की तारीफ की।

ट्रंप ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि सब ठीक होगा। उन्होंने अविश्वसनीय काम किया है।” जब पत्रकारों ने जासूसी के खुफिया इनपुट पर सवाल पूछा, तो ट्रंप ने फिर से जेन्सेन का बचाव करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि वे एक सम्मानित व्यक्ति हैं। शायद उनके पास इसके लिए कोई कारण (Excuse) हो। उन्होंने हमारे देश के लिए शानदार काम किया है।”

अगले हफ्ते ट्रंप के एशिया दौरे पर जेन्सेन के साथ जाने के सवाल पर राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे नहीं पता, लेकिन मैं निश्चित रूप से उन्हें अपने साथ ले जाऊंगा।” बता दें कि जेन्सेन हुआंग राष्ट्रपति की ‘विज्ञान और प्रौद्योगिकी सलाहकार परिषद’ के सदस्य भी हैं। वहीं, पेरिस के लिए रवाना होने से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो (Marco Rubio) ने इस मामले पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया।