अरे गुरु! गुरुग्राम नहीं पानी गांव कहिए- स्कूल बसों में फंसे बच्चे, जलभराव-जाम

दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह से हो रही भारी बारिश ने गुरुग्राम की रफ्तार रोक दी। शहर के कई हिस्सों में सड़कें पानी में डूब गईं और जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल बसों में फंसे बच्चों को हुई। सेक्टर 47 के रेल विहार के पास और सुभाष चौक समेत कई इलाकों में स्कूल बसें घंटों तक जलभराव के बीच खड़ी रहीं। कुछ बच्चे बसों से उतरकर पानी के बीच बाहर निकले, जबकि कई बसों के भीतर ही बैठे रहे।
बारिश और जलभराव का असर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भी दिखा। यहां एम्बुलेंस तक फंस गईं। हालात को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने कर्मचारियों के लिए Work From Home की सलाह और स्कूलों के लिए ऑनलाइन क्लास का निर्देश जारी किया है।
प्रशासन ने Work From Home और ऑनलाइन क्लास का दिया निर्देश
भारी बारिश और जलभराव के बाद गुरुग्राम प्रशासन ने कर्मचारियों के लिए Work From Home की सलाह दी है। डिप्टी कमिश्नर और District Disaster Management Authority के चेयरमैन उत्तम सिंह ने कहा कि Corporate और Private Offices के कर्मचारियों के लिए घर से काम करने की सलाह 25 अगस्त को भी लागू रहेगी।
प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा शिक्षण संस्थानों को मंगलवार को ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्देश भी दिया है। छात्रों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा के साथ जलभराव के कारण संभावित ट्रैफिक जाम को इसके पीछे वजह बताया गया है।
राजीव चौक से नरसिंहपुर तक कई इलाके प्रभावित
जिला प्रशासन के अनुसार, दोपहर 1:30 बजे तक गुरुग्राम में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। राजीव चौक, इफको चौक, रेलवे रोड, सेक्टर 5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड समेत कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए। नाहरपुर अंडरपास में भी पानी भर गया।
साइबर हब के पास Gateway Tower Metro Station के सामने Expressway का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। शीतला माता रोड भी बारिश से प्रभावित प्रमुख सड़कों में रही। इस सड़क पर मानसून के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती रही है।
ट्रैफिक संभालने के लिए पुलिसकर्मी तैनात
दोपहर के समय सिरहौल बॉर्डर, राजीव चौक, नरसिंहपुर और कुछ अन्य स्थानों पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया।
जलभराव वाले इलाकों में नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया और अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त यश जालुका ने GMDA, NHAI और नगर निगम के अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया।
