हटाया कृति सेनन का राखी ऐड, कपड़ों और कुत्ते पर हुई थी ट्रोलिंग

giva
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

नई दिल्ली: जूलरी ब्रांड GIVA (जीवा) ने बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन का रक्षाबंधन स्पेशल विज्ञापन वापस ले लिया है। इस ऐड में कृति के कपड़ों और एक कुत्ते को राखी बांधने को लेकर सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग हो रही थी। विवाद बढ़ता देख कंपनी ने सफाई देते हुए सभी मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपना यह अभियान हटा लिया है।

GIVA ने बयान में क्या कहा?

विज्ञापन वापस लेने के बाद कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों का पूरा सम्मान है। GIVA की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वे हमेशा अपने पूरे परिवार के साथ ऐसे उत्साहवर्धक माहौल का जश्न मनाते हैं। इसी मौके पर वे पालतू पशुओं के लिए भी प्यार और जश्न का इजहार करना चाहते थे।

ब्रांड ने अपने बयान में आगे कहा कि अगर उनके विज्ञापन से समाज के किसी भी वर्ग की भावनाओं को कोई चोट पहुंची है, तो ऐसा उनका कोई मकसद नहीं था। इसी सम्मान का ध्यान रखते हुए कंपनी ने विज्ञापन वापस लेने का फैसला किया।

ऐड के कंटेंट पर क्यों भड़के यूजर्स

कृति सेनन ने इस विज्ञापन में ऑफ व्हाइट कलर के कपड़े पहने थे, जिसमें ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल थी। विज्ञापन रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हो गई। कई यूजर्स ने आपत्ति जताई कि भारत के त्योहार से जुड़े कैंपेन के लिए यह पोशाक उचित नहीं थी। साथ ही कुत्ते को राखी बांधने वाले दृश्य पर भी सवाल उठाए गए।

एक आलोचक ने टिप्पणी की कि बॉलीवुड में ऐसे लोगों की भरमार है जिन्हें हिंदू परंपरा और रीति-रिवाजों में भरोसा नहीं है। आलोचकों के मुताबिक, आजादी का मतलब नियम-कायदों को ताक पर रखना नहीं है और यह सब सिर्फ लोकप्रियता का दिखावा है।

कंगना रनौत ने दी ‘मर्यादा’ की नसीहत

इस विवाद पर अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कृति सेनन के लुक की ओर इशारा करते हुए टिप्पणी की। कंगना ने लिखा कि महिलाओं को अपनी पसंद की पोशाक पहनने की आजादी है, लेकिन उन्हें कुछ मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

कृति सेनन का आलोचकों को जवाब

लगातार हो रही ट्रोलिंग का जवाब देते हुए कृति सेनन ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि किसी महिला के कपड़ों से उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान को नहीं आंका जाना चाहिए। उनके मुताबिक, त्योहारों की सही भावना कपड़ों में नहीं, बल्कि भावनाओं और परंपरा में होती है।

रक्षाबंधन को सुरक्षा और प्यार का प्रतीक बताते हुए कृति ने कहा कि वह अपनी बहन को भी राखी बांधती हैं, जहां वे एक-दूसरे की हिफाजत करने और अच्छे स्वास्थ्य व लंबी आयु का वादा करती हैं। पालतू जानवर को राखी बांधने के विवाद पर उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह प्यार और प्रार्थना हमारे जीवों तक भी जाती है, क्योंकि वे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं।