25 सितंबर को आएगी केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, पेंशनर्स को भी राहत

indian rupee
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल (Bank Strike) के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की पूरी आशंका है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। वित्त मंत्रालय (Finance Ministry) सितंबर महीने की सैलरी और पेंशन समय से पहले यानी 25 सितंबर 2026 को ही खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी कर रहा है, ताकि कर्मचारियों को भुगतान के लिए किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

23 सितंबर को जारी हुआ CGA का मेमोरेंडम

वित्त मंत्रालय के अधीन आने वाले ‘कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स’ (CGA) ने 23 सितंबर को इस संबंध में एक ऑफिस मेमोरेंडम जारी किया है। डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज से मिली जानकारी के आधार पर यह फैसला लिया गया है कि हड़ताल के दौरान बैंकिंग लेनदेन रुकने की संभावना है, इसलिए सितंबर का वेतन और पेंशन एडवांस में ही जारी कर दिया जाए।

किन कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा फायदा?

CGA के निर्देश के अनुसार, 25 सितंबर को जिन कर्मचारियों की सैलरी जारी की जा सकती है, उनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • रक्षा क्षेत्र के केंद्रीय सरकारी कर्मचारी

  • डाक विभाग (Post Office) के कर्मचारी

  • दूरसंचार विभाग (Telecom) के कर्मचारी

  • औद्योगिक कर्मचारी और अन्य केंद्रीय सरकारी कर्मचारी

इसके साथ ही, केंद्र सरकार के पेंशनर्स की पेंशन भी 25 सितंबर को जारी की जाएगी। बैंक और संबंधित पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) को इस भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अक्टूबर की सैलरी में होगा एडजस्टमेंट

समय से पहले होने वाले इस भुगतान को ‘अग्रिम भुगतान’ (Advance Payment) माना जाएगा। CGA के मेमोरेंडम में स्पष्ट किया गया है कि अगर बाद में किसी कर्मचारी की सैलरी या पेंशन में किसी तरह का समायोजन (Adjustment) या कटौती करना जरूरी होता है, तो उसे अगले महीने यानी अक्टूबर 2026 के वेतन या पेंशन में एडजस्ट कर लिया जाएगा।

तिमाही खत्म होने के कारण सरकार अलर्ट

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित यह बैंक हड़ताल चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के ठीक अंत में पड़ रही है। ऐसे में सरकार ने सभी मंत्रालयों और विभागों को सलाह दी है कि वे सितंबर के आखिरी दिनों में होने वाले अपने जरूरी भुगतान और बैंकिंग लेनदेन को हड़ताल शुरू होने से पहले ही पूरा कर लें।

ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन के अध्यक्ष मनजीत सिंह पटेल ने भी पुष्टि की है कि सैलरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर से करने के निर्देश बैंकों की भुगतान शाखाओं तक पहुंचाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी कर्मचारी को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।