बार-बार कमर दर्द से परेशान? जानिए कौन से उपाय सच में दे सकते हैं राहत

कमर का दर्द आज के समय में लोगों की सबसे आम समस्याओं में से एक बन गया है। गलत पोस्चर, घंटों बैठकर काम करने और खराब लाइफस्टाइल के कारण यह दिक्कत तेजी से बढ़ रही है। हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, सही एक्सरसाइज और जीवनशैली में कुछ बदलाव करके कमर दर्द से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है। रिपोर्ट में कमर दर्द को उसकी अवधि के आधार पर दो हिस्सों—नए और पुराने (क्रोनिक) दर्द—में बांटा गया है और उसी के अनुसार उपाय सुझाए गए हैं।
कमर दर्द के मुख्य कारण रिपोर्ट में कमर दर्द के कई सामान्य और गंभीर कारणों का जिक्र किया गया है:
-
मांसपेशियों पर दबाव: कमर की मसल्स में खिंचाव, अचानक झटका लगने, अधिक वजन उठाने या मोटापे के कारण पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव से दर्द शुरू हो सकता है।
-
चोट और आर्थराइटिस: रीढ़ की हड्डी में चोट, बढ़ती उम्र, आर्थराइटिस (गठिया) के कारण होने वाले वियर एंड टियर या जेनेटिक्स भी इसका बड़ा कारण हैं।
-
गंभीर बीमारियां: कुछ दुर्लभ मामलों में स्पाइनल ट्यूमर, किडनी स्टोन (पथरी) या किसी इंफेक्शन की वजह से भी कमर दर्द की शिकायत हो सकती है।
नए कमर दर्द से राहत पाने के तरीके अगर कमर का दर्द 12 हफ्तों से कम समय से है, तो इसे ‘नया कमर दर्द’ माना जाता है। इससे छुटकारा पाने के लिए ये तरीके कारगर हैं:
-
गर्म सिकाई: दर्द वाली जगह पर गर्माहट देने से तुरंत आराम मिलता है। इसके लिए हीटिंग पैड या गर्म तवे पर कपड़ा सेंककर सिकाई की जा सकती है।
-
हल्की मसाज: तेल लगाकर हल्के हाथों से कमर की मालिश करने से मांसपेशियों का तनाव कम होता है।
-
योग और एक्यूपंचर: एक्यूपंचर (प्रेशर पॉइंट्स को दबाना), योग और ताई ची जैसी विधाएं मांसपेशियों को सक्रिय करती हैं। इनसे शरीर में ब्लड फ्लो बेहतर होता है और फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ती है।
क्रोनिक (पुराने) कमर दर्द के उपाय जब कमर का दर्द 12 हफ्तों से ज्यादा समय तक बना रहता है, तो उसे क्रोनिक बैक पेन कहते हैं। इसके इलाज का तरीका थोड़ा अलग होता है:
-
एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग: इसमें स्ट्रेचिंग, शारीरिक संतुलन को बेहतर करने वाली और कोर मसल्स को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज शामिल की जाती हैं।
-
फिजिकल थेरेपी: क्राइरोप्रैक्टिक ट्रीटमेंट्स, फिजिकल थेरेपी और माइंडफुलनेस बेस्ड प्रोग्राम पुराने दर्द में काफी मददगार साबित होते हैं।
-
रिलैक्सेशन टेक्नीक्स: ताई ची, योगा और प्रोग्रेसिव रिलैक्सेशन टेक्नीक्स के जरिए कमर के स्ट्रेस को कम किया जा सकता है।
हार्वर्ड हेल्थ की इस रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि ये उपाय और घरेलू नुस्खे सामान्य कमर दर्द के लिए हैं। यदि दर्द किसी गंभीर चोट, फ्रैक्चर, कैंसर या अंदरूनी इंफेक्शन के कारण है, तो इन उपायों पर निर्भर रहने के बजाय सीधे विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना आवश्यक है।

