अलवर में छात्राओं के साथ बांध में नहाते दिखे स्कूल प्रिंसिपल, जांच शुरू

alwar-school-principal-girl-students-dam-viral-video
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल का छात्राओं के साथ बांध में नहाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। घटना थानागाजी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पड़ाकछापली की बताई जा रही है। वीडियो में प्रिंसिपल 9वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ बांध के पानी में दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण स्कूल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने प्रिंसिपल पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए हैं, जबकि शिक्षा विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

15 अगस्त के बाद बच्चों को बांध ले जाने का आरोप

जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं को जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर स्थित भड़ाज बांध ले जाया गया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को तैराकी सिखाने और भ्रमण के नाम पर बांध ले जाया गया। इसी दौरान प्रिंसिपल छात्राओं के साथ पानी में नहाते दिखाई दिए। घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बिना सुरक्षा इंतजाम बच्चों को पानी में उतारने का दावा

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चों को बांध में उतारते समय पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि बच्चों के पास लाइफ जैकेट भी नहीं थीं और कई बच्चों को तैरना नहीं आता था।

ग्रामीणों के अनुसार, बांध की पाल करीब 5 से 6 फीट चौड़ी है और यहां पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका यह भी दावा है कि करीब चार साल से इस जगह पर लोगों के जाने पर पाबंदी है।

ग्रामीणों ने प्रिंसिपल को हटाने की मांग की है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल छात्राओं को गोद में लेकर नहा रहे थे और 15 अगस्त को शराब के नशे में थे।

थाना प्रभारी राजकुमार मीणा ने बताया कि अभी तक किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

शिक्षा विभाग भी करेगा जांच

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव के मुताबिक, बालिकाओं, प्रिंसिपल और अभिभावकों से जानकारी ली गई है। अब टीम पूरे मामले की जांच करेगी।