अफ्रीका में गधों की शामत, खाल के लिए हर साल लाखों जानवरों की हत्या

अफ्रीका (Africa) भर में गधों की आबादी पर इन दिनों एक बड़ा और गंभीर खतरा मंडरा रहा है। अपराधी नेटवर्कों द्वारा सीमाओं के पार गधों की बड़े पैमाने पर तस्करी (Smuggling) की जा रही है और अवैध बूचड़खानों में उनकी बेरहमी से हत्या हो रही है।
इस पूरे अवैध धंधे का मुख्य उद्देश्य गधों की खाल (Donkey Skins) का निर्यात करना है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गधे की एक खाल की कीमत लगभग 400 डॉलर (करीब 33 हजार रुपये) तक आसानी से मिल जाती है।
एशियाई बाजारों में क्यों है इतनी मांग?
यह अवैध व्यापार मुख्य रूप से कुछ एशियाई बाजारों (Asian Markets) की मांग से प्रेरित है। गधे की खाल से जिलेटिन (Gelatine) निकाला जाता है, जिसका उपयोग औषधीय और पारंपरिक उत्पादों में भारी मात्रा में होता है। इन बाजारों में यह गहरी मान्यता है कि गधे की खाल से बना यह उत्पाद स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और यौवन (Youth) को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद करता है।
हर साल 60 लाख गधों की हत्या
पशु कल्याण संगठन ‘द डंकी सैंक्चुअरी’ (The Donkey Sanctuary) के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया भर में गधों की कुल आबादी करीब 5 करोड़ है, जिसका लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ अफ्रीका में पाया जाता है। संगठन का अनुमान है कि खाल के इस बढ़ते व्यापार की पूर्ति के लिए हर साल विश्व स्तर पर लगभग 60 लाख (6 Million) गधों को मौत के घाट उतार दिया जाता है।
विभिन्न चेतावनियों और रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह व्यापार न केवल गधों की आबादी के लिए खतरा है, बल्कि अनियमित बूचड़खानों के कारण यह स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी गंभीर चिंताएं भी पैदा कर रहा है।
कैसे काम करता है तस्करों का नेटवर्क?
स्काई न्यूज अरेबिया (Sky News Arabia) की रिपोर्ट के अनुसार, ‘एसोसिएशन फॉर द प्रोटेक्शन ऑफ डंकीज इन अफ्रीका’ के प्रमुख एलेक्स जोनाटा (Alex Jonata) ने बताया कि विशेष गिरोह सीधे तौर पर ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं।
ये नेटवर्क ग्रामीणों को उनके गधों के लिए ऊंची कीमतों का लालच देते हैं। वहीं, कुछ गिरोह गधों की चोरी जैसी घटनाओं को भी अंजाम दे रहे हैं। जोनाटा के मुताबिक, इन गधों को दूरदराज के इलाकों में ले जाया जाता है, जहां गुप्त रूप से उन्हें काटकर उनकी खाल बिक्री के लिए जमा कर ली जाती है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और परिवारों पर भारी असर
अफ्रीका के एक बड़े हिस्से में गधे ग्रामीण जीवन और परिवहन की रीढ़ माने जाते हैं। पानी, भोजन, दवाएं और कृषि उत्पादों को बाजारों तक पहुंचाने के लिए ग्रामीण परिवारों की इन पर बहुत अधिक निर्भरता है। कुछ दूरदराज के समुदायों में गधे बच्चों को स्कूल पहुंचाने का भी अहम काम करते हैं।
‘द डंकी सैंक्चुअरी’ की पब्लिक अफेयर्स मैनेजर एस्मे प्रिमरोज व्हीलर (Esme Primrose Wheeler) ने कहा कि गधे लाखों लोगों की गरीबी कम करने और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष आय का स्रोत बनने में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद इस व्यापार के कारण हर साल लाखों गधों की हत्या हो रही है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि गधे की चोरी या मौत का मतलब सिर्फ एक जानवर को खोना नहीं है। यह किसी भी ग्रामीण परिवार को उनकी आजीविका के मुख्य साधन से वंचित कर देता है, जिससे उन पर आर्थिक और सामाजिक दबाव कहीं अधिक बढ़ जाता है।

