स्काउट से भिड़े काजी, फिर गौहर ने लगाई क्लास, Weekend Ka Vaar में क्या

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ इन दिनों अपने हाईवोल्टेज ड्रामे और विवादों के कारण सुर्खियों में बना हुआ है। शो के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच आपसी खींचतान और झगड़े लगातार बढ़ रहे हैं। इस बीच, काजी तौकीर की एक घिनौनी हरकत ने सोशल मीडिया से लेकर घर के अंदर तक हंगामा खड़ा कर दिया है। स्थिति यह है कि जनता के साथ-साथ अब सेलेब्रिटीज ने भी काजी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
क्या है पूरा मामला?
शो के दौरान काजी तौकीर और स्काउट ओपी के बीच पहले एक टास्क को लेकर जबरदस्त झगड़ा हुआ था। हालांकि, कुछ देर बाद दोनों सामान्य होते दिखे और गार्डन एरिया में मस्ती करते हुए नजर आए। मस्ती के ही दौरान काजी ने स्काउट को गले लगाया, लेकिन इसी बीच उन्होंने कथित तौर पर स्काउट के कान में थूक दिया। शुरुआत में स्काउट को यह बात समझ नहीं आई या उन्होंने इसे मजाक के रूप में ले लिया।
लेकिन बाद में काजी ने खुद गुल्लू और अमन गांधी के साथ बातचीत के दौरान अपनी इस हरकत का खुलासा किया। काजी की यह बात पास ही मौजूद नकुल ढुल ने सुन ली और उन्होंने तुरंत जाकर इसकी जानकारी स्काउट को दे दी। इसके बाद घर में भारी बवाल मच गया और नकुल और काजी के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। आने वाले एपिसोड में बिग बॉस इस पूरे मामले पर कड़ा एक्शन ले सकते हैं।
गौहर खान ने काजी को लगाई फटकार
शुरुआती हफ्तों में काजी तौकीर को दर्शकों के साथ-साथ कई जाने-माने कलाकारों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा था। होस्ट सलमान खान से तारीफ मिलने के बाद से वह लगातार चर्चा में थे। लेकिन इस एक हरकत ने उनकी साख को बड़ा झटका दिया है।
अदाकारा गौहर खान, जो अभी तक काजी तौकीर को खुलकर सपोर्ट कर रही थीं, उन्होंने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है। गौहर ने सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स के जरिए काजी की आलोचना करते हुए कहा कि सलमान खान की तारीफ शायद उनके सिर चढ़ गई है। गौहर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब कोई अच्छा करता है, तो सब उसकी तारीफ करते हैं, लेकिन स्काउट के कान में थूकना किसी भी तरह से स्वीकार्य या सही नहीं है।
इस विवाद के बाद काजी तौकीर की फैन फॉलोइंग पर भी असर पड़ता दिख रहा है, और आने वाले वीकेंड का वार में देखना दिलचस्प होगा कि सलमान खान इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं।

