इजरायल की उड़ानों से पाकिस्तानी क्रू बाहर, Air France ने लागू किया नियम

fly
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

 अंतरराष्ट्रीय विमानन (International Aviation) जगत में सुरक्षा संबंधी नए नियमों के तहत एयर फ्रांस ने इजरायल आने-जाने वाली उड़ानों को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। इसके तहत पाकिस्तानी मूल समेत उन 31 देशों के पायलट्स और केबिन क्रू मेंबर्स को इजरायल की उड़ानों से दूर रखा जाएगा, जिनके इजरायल के साथ राजनियक संबंध नहीं हैं।

क्या है पूरी घटना?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सख्ती हाल ही में हुई एक गंभीर घटना के बाद बढ़ाई गई है। गत 30 सितंबर को फ्लाईदुबई (Flydubai) के एक विमान में ओमान के एक को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद इजरायल सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन देशों के विमानन कर्मियों (Crew Members) के इजरायल में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया, जिनके साथ उसके कूटनीतिक रिश्ते नहीं हैं। ओमान भी उन्हीं देशों में शामिल है।

कई बड़ी एयरलाइंस ने लागू किए नियम

फ्रांसीसी खोजी प्रकाशन ‘मीडियापार्ट’ और एविएशन इंटेलिजेंस कंपनी ‘ch-aviation’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुरक्षा फैसले के बाद कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने अपने नियमों में बदलाव किया है:

  • एयर फ्रांस (Air France): फ्रांसीसी एयरलाइन ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि वह इजरायल के इन नए सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन कर रही है।

  • यूनाइटेड एयरलाइंस (United Airlines): शिकागो स्थित इस अमेरिकी एयरलाइन ने भी अपने पायलट्स और केबिन क्रू को इन पाबंदियों के बारे में आधिकारिक रूप से जानकारी दे दी है और इन्हें अपनी क्रू-प्लानिंग प्रक्रियाओं में शामिल कर लिया है।

  • स्मार्टविंग्स (Smartwings): चेक रिपब्लिक की सबसे बड़ी एयरलाइन ने भी स्पष्ट किया है कि वह इजरायल के नियमों का सम्मान करती है, हालांकि कंपनी का कहना है कि फिलहाल इसके क्रू असाइनमेंट पर कोई सीधा असर नहीं पड़ा है।

जानकारों का मानना है कि सुरक्षा के लिहाज से उठाए गए इन कदमों का आने वाले समय में ग्लोबल एविएशन सेक्टर और एयरलाइंस की क्रू शेड्यूलिंग पर व्यापक असर पड़ सकता है।