30 साल का इंतजार खत्म! रवांडा में लौटेगी F1 रेसिंग, 10 साल की डील

Formula 1
राघवेन्द्र मिश्रा
राघवेन्द्र मिश्रा

फॉर्मूला 1 (Formula 1) रेसिंग के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक खबर है। लगभग तीन दशकों के लंबे अंतराल के बाद एफवन (F1) अफ़्रीकी महाद्वीप में वापसी करने जा रहा है। फॉर्मूला 1 ने अफ्रीका में इस ग्लोबल स्पोर्ट्स की वापसी के लिए 10 साल के ऐतिहासिक समझौते (Landmark Agreement) की घोषणा की है।

‘फॉर्मूला 1 अफ्रीकन ग्रांड प्रिक्स’ (Formula 1 African Grand Prix) 2030 के दशक की शुरुआत में एफवन कैलेंडर का हिस्सा बनेगी। बता दें कि अफ़्रीका वर्तमान में एकमात्र ऐसा महाद्वीप (अंटार्कटिका को छोड़कर) है, जहाँ एफवन रेस नहीं होती है। यह खेल आखिरी बार 1993 में अफ़्रीका गया था, जब जोहान्सबर्ग (Johannesburg) के पास कयालामी सर्किट (Kyalami Circuit) में साउथ अफ्रीकन ग्रांड प्रिक्स आयोजित की गई थी।

रवांडा के बुगेसेरा में बनेगा नया वर्ल्ड-क्लास सर्किट

यह लॉन्ग-टर्म समझौता तब अमल में आएगा जब रवांडा के बुगेसेरा (Bugesera, Rwanda) में एक नया ‘पर्पस-बिल्ट सर्किट’ पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा। उम्मीद है कि यह सर्किट अगले दशक की शुरुआत में बनकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद देश में पहली एफवन रेस आयोजित होगी।

रवांडा की राजधानी किगाली (Kigali) से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण में और नए किगाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ठीक पास स्थित इस सर्किट को खास तरीके से डिजाइन किया जाएगा। formula1.com के मुताबिक, यह सर्किट इलाके के प्राकृतिक परिदृश्य (Natural Landscape) और ऊंचाई में बदलावों (Elevation Changes) के साथ तालमेल बिठाते हुए बनाया जाएगा, ताकि फैंस को एक अनोखा और रोमांचक रेसिंग एक्सपीरियंस मिल सके। रेस वीकेंड के अलावा, यह सर्किट पूरे साल अंतरराष्ट्रीय मोटरस्पोर्ट्स, सम्मेलनों और मनोरंजन कार्यक्रमों की मेजबानी करेगा, जिससे इलाके के आर्थिक विकास में तेजी आएगी।

‘हर बसे हुए महाद्वीप पर होगी रेस’ – F1 प्रेसिडेंट

एफवन (F1) के प्रेसिडेंट और सीईओ स्टेफानो डोमेनिकली (Stefano Domenicali) ने इस फैसले को ऐतिहासिक क्षण करार दिया है। उन्होंने कहा, “आज फॉर्मूला 1 के लिए एक लैंडमार्क मोमेंट है। अगले दशक से रवांडा के एफवन कैलेंडर में शामिल होने के साथ ही, हमारा खेल दुनिया के हर आबाद (Inhabited) महाद्वीप पर रेस करेगा।”

डोमेनिकली ने रवांडा के राष्ट्रपति महामहिम पॉल कागामे, रवांडा सरकार और FIA प्रेसिडेंट का आभार जताते हुए कहा, “अफ्रीका में 10 करोड़ से ज्यादा F1 फैंस हैं, और यह संख्या तेजी से बढ़ रही है। हम उन लाखों लोगों के करीब यह रोमांच ला रहे हैं, जिन्होंने लंबे समय से इस खेल की वापसी का इंतजार किया है।”

FIA प्रेसिडेंट बोले- मोटरस्पोर्ट्स के लिए ऐतिहासिक कदम

FIA के प्रेसिडेंट मोहम्मद बेन सुलेयम (Mohammed Ben Sulayem) ने भी इस समझौते का स्वागत किया है। उन्होंने कहा, “अफ्रीका में FIA फॉर्मूला 1 वर्ल्ड चैंपियनशिप की वापसी हमारे खेल के लिए ऐतिहासिक पल है। रवांडा ने एक वर्ल्ड-क्लास इवेंट आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है और FIA इस नए सर्किट को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विकसित करने के लिए मिलकर काम करेगा।”

ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बन रहा रवांडा

रवांडा तेजी से अफ्रीका में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। देश ने सफलतापूर्वक UCI रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप, ICC महिला चैलेंज ट्रॉफी, 2023 फीफा कांग्रेस, बास्केटबॉल अफ्रीका लीग और 2024 FIA जनरल असेंबली जैसी प्रमुख वैश्विक स्पर्धाओं की मेजबानी की है। ‘F1 अफ्रीकन ग्रांड प्रिक्स’ रवांडा को खेल, पर्यटन और इनोवेशन का ग्लोबल हब बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम साबित होगी।