हर्रैया में कभी आमने-सामने थे राजकिशोर-अजय, अब एक ही माला में दिखे

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की राजनीति में एक तस्वीर ने नई सियासी हलचल पैदा कर दी है। हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के दो सबसे बड़े प्रतिद्वंदी—पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह और वर्तमान भाजपा विधायक अजय सिंह—एक स्वागत समारोह में बड़ी माला के भीतर एक साथ मुस्कुराते हुए नजर आए। इस दौरान उनके बीच भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री और जिला प्रभारी सत्येंद्र सिन्हा भी मौजूद थे।
लंबे समय से एक-दूसरे के खिलाफ राजनीतिक जंग लड़ने वाले इन दोनों दिग्गज नेताओं का यूं साथ आना बस्ती के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
हर्रैया की राजनीति और पुरानी अदावत
हर्रैया विधानसभा और बस्ती की जमीनी राजनीति में राजकिशोर सिंह और अजय सिंह के बीच लंबे समय से तीखी खींचतान चलती रही है। अलग-अलग मौकों पर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने और कड़े सियासी हमले करने से कभी परहेज नहीं किया।
राजकिशोर सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद से ही जिले में गुटबाजी की खबरें लगातार सामने आ रही थीं। ऐसे में एक ही मंच पर दोनों का साथ दिखना स्वाभाविक तौर पर स्थानीय सियासत में हैरानी और उत्सुकता पैदा कर रहा है।
शीर्ष नेतृत्व का दबाव या कोई नई चुनावी रणनीति?
क्षेत्रीय महामंत्री सत्येंद्र सिन्हा की मौजूदगी में दोनों नेताओं का एक ही माला में आना पार्टी संगठन के कड़े अनुशासन की ओर इशारा करता है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने स्थानीय गुटबाजी को खत्म करने के लिए सख्त संदेश दिया है, जिसके चलते नेताओं को अपने व्यक्तिगत मतभेद किनारे रखकर मंच साझा करना पड़ रहा है।
हालांकि, इसके पीछे भविष्य के राजनीतिक समीकरणों और आगामी चुनावों को देखते हुए बिछाई जा रही नई बिसात की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
महिलाओं को मिलेगा टिकट, राजकिशोर ने किया क्लीन स्वीप का दावा
कार्यक्रम के दौरान आगामी चुनावों को लेकर भी अहम बातें कही गईं। जिला प्रभारी सत्येंद्र सिन्हा ने कहा कि इस बार चुनाव में महिलाओं को भी मौका दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा हमेशा से आधी आबादी का सम्मान करती आई है। सिन्हा के मुताबिक आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में पूरा जोश है और वे ग्राउंड पर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं।
वहीं, मंच से पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह ने चुनावी दावा पेश किया। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा बस्ती की सभी पांचों विधानसभा सीटें जीतेगी और उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि क्षेत्रीय महामंत्री के ऐतिहासिक स्वागत में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दिशा-निर्देश दिए गए और घर-घर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की गई।

