BJP की लिस्ट के बाद कौशल के बेटे ने क्या इशारा किया? पोस्ट से मची हलचल

kaushal kishor
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। सूची में कई दिग्गज नेताओं के नाम कटने के बाद अब पार्टी के अंदर से ही बगावती सुर उठने लगे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे और उत्तर प्रदेश भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर की एक फेसबुक पोस्ट ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान होने के कुछ ही देर बाद विकास किशोर ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए ‘परिवार’ (पार्टी) छोड़ने तक के संकेत दे दिए हैं।

फेसबुक पोस्ट में झलका दर्द और गुस्सा

भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक तल्ख पोस्ट लिखी है। उन्होंने बिना किसी नेता या पार्टी का सीधा नाम लिए इशारों में बड़ा हमला बोला है।

विकास ने अपनी पोस्ट में लिखा, “जिस परिवार में माँ और बाप का मान और सम्मान न हो, उस परिवार में नहीं रहना चाहिए!”

इस बगावती लाइन के साथ ही विकास किशोर ने अपनी पोस्ट का अंत एक खास राजनीतिक नारे के साथ किया है। उन्होंने पोस्ट के आखिर में “जय अंबेडकर, जय संविधान, जय पारख” लिखा है।

राज्यसभा टिकट बंटवारे से जुड़ी है नाराजगी

राजनीतिक गलियारों में विकास किशोर की इस पोस्ट को सीधे तौर पर भाजपा की राज्यसभा उम्मीदवार सूची से जोड़कर देखा जा रहा है। सियासी हलकों में अमूमन ‘पार्टी’ को ‘परिवार’ कहकर संबोधित किया जाता है। माना जा रहा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर को राज्यसभा का टिकट न मिलने से उनके बेटे और समर्थक आहत हैं।

विकास किशोर द्वारा सार्वजनिक मंच पर यह लिखना कि ‘उस परिवार में नहीं रहना चाहिए’, उनके और उनके परिवार के अगले राजनीतिक कदम को लेकर कई तरह के कयासों को जन्म दे रहा है। फिलहाल यह फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और यूपी की सियासत में चर्चा का मुख्य केंद्र बन गई है।