Rajya Sabha Election: 8 नामों ने चौंकाया, क्या है जाति साधने का फार्मूला

bjp
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश की 8 राज्यसभा सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस सूची में कई ऐसे नाम सामने आए हैं, जिन्होंने राजनीतिक पंडितों को चौंका दिया है।

जिन दिग्गज चेहरों को टिकट मिलने की सबसे ज्यादा चर्चा थी, वे इस लिस्ट से बाहर हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी प्रमुख हैं। टिकट कटने के बाद अब हरीश द्विवेदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।

हरीश द्विवेदी ने दी उम्मीदवारों को बधाई

टिकट की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हरीश द्विवेदी को पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया। हालांकि, सूची जारी होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुशासन का परिचय दिया। पूर्व सांसद ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आप सभी घोषित प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई!”

हरदीप सिंह पुरी का नाम भी गायब, सियासी अटकलें तेज

इस लिस्ट का सबसे बड़ा राजनीतिक पहलू यह रहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को इस बार राज्यसभा का उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। उनका नाम सूची में न होने से सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी उनके लिए नई संगठनात्मक या कोई अन्य बड़ी जिम्मेदारी तय कर सकती है।

जातीय संतुलन और संगठन पर जोर

बीजेपी ने अपनी इस नई सूची में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की पूरी कोशिश की है। पार्टी ने इस बार दो ब्राह्मण चेहरों और एक राजपूत उम्मीदवार पर भरोसा जताया है, ताकि सवर्ण मतदाताओं के बीच मजबूत संदेश दिया जा सके। इसके साथ ही संगठन के समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह दी गई है।

कौन हैं बीजेपी के 8 राज्यसभा प्रत्याशी?

  • धर्मपाल सिंह: वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन मंत्री और आंवला (बरेली) से विधायक।

  • राधाकांत ओझा: इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष।

  • प्रकाश पाल: वर्तमान में उत्तर प्रदेश बीजेपी ओबीसी (OBC) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष।

  • विद्यासागर सोनकर: पूर्व सांसद, पूर्व एमएलसी और विधान परिषद के पूर्व उपनेता।

  • गोपी कृष्णा पांडेय: पार्टी के वरिष्ठ संगठनकर्ता और अनुभवी पदाधिकारी।

  • प्रियंका सिंह रावत: बाराबंकी की पूर्व लोकसभा सांसद, संगठन में सक्रिय।

  • राम प्रताप सिंह चौहान: उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और पूर्व विधायक।

  • श्रुति गंगवार: बरेली अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन। श्रुति गंगवार वरिष्ठ भाजपा नेता और वर्तमान राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री हैं।