जानिए गोविंदा-कोमल रानी की डेटिंग अफवाहों पर कुब्रा सैत ने क्या कहा

kubra
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

गोविंदा और उनकी को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के बीच डेटिंग की अफवाहों ने इन दिनों सोशल मीडिया पर जोर पकड़ा हुआ है। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया था जब गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने उन्हें कोमल रानी का ‘शुगर डैडी’ कह दिया। अब इस पूरे विवाद पर एक्ट्रेस कुब्रा सैत ने एक वीडियो शेयर कर सोशल मीडिया के गॉसिप कल्चर पर कड़े सवाल उठाए हैं और गोविंदा का बचाव किया है।

’90 के दशक पर गोविंदा का राज था’

कुब्रा सैत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लोगों के रवैये पर निशाना साधा। उन्होंने ट्रोल्स से सवाल किया कि लोग फैन से ‘प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर’ कब बन गए। गोविंदा को एक आइकॉन और लेजेंड बताते हुए कुब्रा ने कहा कि 90 के दशक में गोविंदा का ही राज चलता था। उन्होंने सोशल मीडिया की मानसिकता पर तंज कसते हुए कहा कि आज 2026 में, अगर कोई लड़की उनके आस-पास भी दिख जाए या हवा में सांस ले ले, तो उसे तुरंत ‘मिस्ट्री वुमन’ या ‘रूमर्ड गर्लफ्रेंड’ मान लिया जाता है।

सुनीता आहूजा के बचाव में उतरीं कुब्रा

कुब्रा ने स्पष्ट किया कि वह गोविंदा को निजी तौर पर नहीं जानती हैं, लेकिन उनकी पत्नी सुनीता आहूजा से मिल चुकी हैं। एक्ट्रेस ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई कि सुनीता और ऐसी अफवाहों का शिकार होने वाली अन्य महिलाओं से यह उम्मीद की जाती है कि वे बार-बार आगे आएं और उन अटकलों पर सफाई दें, जिन्हें उन्होंने खुद शुरू ही नहीं किया था। कुब्रा ने गॉसिप कल्चर पर सवाल उठाते हुए कहा कि पब्लिक फिगर होने का मतलब यह नहीं है कि किसी की पर्सनल लाइफ को सबके सामने तमाशा बना दिया जाए।

‘क्लिकबेट के लिए वायरल वीडियो न बनाएं’

वीडियो में कुब्रा ने लोगों को सलाह दी कि वे रोजमर्रा की जिंदगी में महिलाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि फोन उठाकर बुरा कमेंट करने या ‘क्लिकबेट’ के लिए वायरल वीडियो बनाने से पहले लोगों को खुद से यह पूछना चाहिए कि उन्हें ऐसा करने के लिए किसने कहा है। उन्होंने अपील की कि अगर कोई कुछ अच्छा नहीं कह सकता, तो उसे खामोश रहना चाहिए और सिर्फ एक फैन होने का मजा लेना चाहिए।

गोविंदा ने बताया ‘रूपा’ का कनेक्शन

कोमल रानी स्वर्णकार के साथ गोविंदा पहली बार मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए थे। हाल ही में दोनों एक साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने भी पहुंचे, जिसके बाद डेटिंग की चर्चाएं तेज हो गईं। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए गोविंदा ने स्पष्ट किया है कि कोमल के साथ उनका रिश्ता पूरी तरह से प्रोफेशनल है।

लालबागचा राजा जाने के सवाल पर एक्टर ने बताया कि वे अपनी आगामी फिल्म ‘रूपा’ की सफलता के लिए प्रार्थना करने वहां गए थे। सात साल के लंबे ब्रेक के बाद गोविंदा इसी फिल्म से बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं, जिसमें कोमल रानी स्वर्णकार उनके साथ लीड रोल निभा रही हैं।