जैकी और शरद की हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ का ऐलान, 23 अक्टूबर को रिलीज

kali
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

सिनेमा प्रेमियों के लिए अक्टूबर का महीना एंटरटेनमेंट से भरपूर रहने वाला है। दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की मच अवेटेड सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘काली खेती’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मेकर्स ने मंगलवार (29 सितंबर 2026) को फिल्म का पहला मोशन पोस्टर जारी किया। यह हॉरर फिल्म अगले महीने 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

रोंगटे खड़े करने वाला मोशन पोस्टर

‘काली खेती’ का पहला मोशन पोस्टर सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो रहा है। पोस्टर में डरावने विजुअल्स का भरपूर इस्तेमाल किया गया है। घनी अंधेरी रात, लालटेन और एक खौफनाक राक्षस की झलक इस फिल्म की डार्क थीम को स्पष्ट करती है। पोस्टर के साथ बज रहा सस्पेंस से भरा बैकग्राउंड म्यूजिक हॉरर फील को और बढ़ा रहा है। जग्गू दादा (जैकी श्रॉफ) के फैंस इस पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया पर उत्साह जता रहे हैं।

‘मिर्जापुर’ फेम एक्ट्रेस की भी एंट्री

इस फिल्म में जैकी श्रॉफ और शरद केलकर के साथ वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ फेम एक्ट्रेस नेहा सरगम भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। ‘काली खेती’ की कहानी हारिस इम्तियाज खान ने लिखी है और निर्देशन की कमान भी उन्हीं के हाथों में है। इस सस्पेंस और थ्रिलर से भरी फिल्म का निर्माण ब्लैक कैनवस स्टूडियो के बैनर तले किया जा रहा है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम 3’ से कड़ा क्लैश

23 अक्टूबर को ‘काली खेती’ के रिलीज होने के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर भारी भीड़ देखने को मिलेगी। अक्टूबर के इसी महीने में अजय देवगन स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ भी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इन दो बड़ी फिल्मों के अलावा थिएटर्स में ‘नई नवेली’, ‘रणबाली’ और ‘उड़ता तीर’ जैसी फिल्में भी कतार में हैं। हॉरर जॉनर की ‘काली खेती’ को बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन की सस्पेंस-क्राइम थ्रिलर ‘दृश्यम 3’ से सीधे तौर पर बड़ी टक्कर मिलेगी।