72 मिलियन HK$ की प्रॉपर्टी बेचने पर भड़का परिवार? Choi केस में खुलासा

शहर को झकझोर कर रख देने वाले मशहूर मॉडल और इन्फ्लुएंसर एब्बी चोई (Abby Choi) हत्याकांड की अदालत में अहम सुनवाई शुरू हो गई है। बुधवार को चोई के पूर्व पति और ससुराल वालों को कोर्ट में पेश किया गया। नौ सदस्यों वाली जूरी के सामने जज ब्रायन कीथ ने बताया कि तीनों मुख्य आरोपियों ने हत्या के आरोपों से साफ इनकार किया है।
करोड़ों के फ्लैट का विवाद बनी हत्या की वजह
अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि एब्बी चोई और उनके पूर्व पति के परिवार के बीच एक लग्जरी प्रॉपर्टी को लेकर गहरा आर्थिक विवाद था। चोई ने यह फ्लैट 60 मिलियन हांगकांग डॉलर (करीब 7.65 मिलियन अमेरिकी डॉलर) में खरीदा था। भारी टैक्स से बचने के लिए उन्होंने कई साल पहले इस प्रॉपर्टी को अपने पूर्व ससुर क्वांग काऊ के नाम पर रजिस्टर करवा दिया था।
अभियोजन पक्ष की वकील चार्लोट ड्रेकॉट ने अदालत में कहा कि साल 2022 में जब चोई ने इस फ्लैट को बेचने की कोशिश की, तो क्वांग परिवार के साथ उनके रिश्ते बिगड़ने लगे। 68 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिस सार्जेंट क्वांग काऊ फ्लैट बेचने के प्रयास को लेकर बेहद नाराज और आक्रोशित हो गया था।
‘तीनों ने मिलकर रची थी हत्या की साजिश’
वकील ड्रेकॉट ने बताया कि काऊ फ्लैट अपने पास रखना चाहता था, इसलिए उसने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर चोई की हत्या की साजिश रची। ड्रेकॉट ने जूरी के सामने कहा, “हमारा कहना है कि तीनों ने मिलकर यह काम करने का फैसला किया था।” उन्होंने बताया कि एब्बी चोई की हत्या करने और शव को उपनगरीय इलाके के एक घर में ठिकाने लगाने में तीनों आरोपियों की अपनी-अपनी भूमिका थी।
शव को ठिकाने लगाने का जुर्म कबूला, हत्या से किया इनकार
इस मामले में पूर्व पति एलेक्स क्वांग, ससुर क्वांग काऊ और पूर्व जेठ एंथोनी क्वांग पर हत्या का मुकदमा चल रहा है। तीनों आरोपियों ने हत्या के आरोपों में खुद को निर्दोष बताया है। अदालत में पेशी के दौरान तीनों आरोपी शांत दिखाई दिए।
कानूनी रूप से शव के अंतिम संस्कार को रोकने (शव को ठिकाने लगाने) के मामले में एलेक्स और एंथोनी क्वांग ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, अगर ये तीनों आरोपी हत्या के दोषी पाए जाते हैं, तो इन्हें उम्रकैद की सजा हो सकती है।
टुकड़ों में मिला था शव, दिसंबर तक चलेगा ट्रायल
इंस्टाग्राम पर 1,40,000 से ज्यादा फॉलोअर्स वाली 28 वर्षीय एब्बी चोई की 2023 में हत्या कर दी गई थी। मौत से कुछ दिन पहले ही उन्होंने पेरिस फैशन वीक की तस्वीरें साझा की थीं। हांगकांग के एक उपनगरीय घर से पुलिस ने उनके शरीर के टुकड़े बरामद किए थे।
चोई के एलेक्स क्वांग से दो बच्चे थे। तलाक के बाद उन्होंने क्रिस टैम से शादी की थी, जिनसे उनके दो और बच्चे हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई अब शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। अदालत में यह ट्रायल दिसंबर तक चलने की उम्मीद है।

