21वीं पार्टी कांग्रेस से पहले शी जिनपिंग का सुरक्षा एजेंसियों को बड़ा निर्देश

xi
Lee Chang (North East Expert)
Lee Chang

चीन में अगले साल होने वाली 21वीं कम्युनिस्ट पार्टी कांग्रेस और बड़े नेतृत्व परिवर्तन (Leadership Reshuffle) से पहले राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश के सुरक्षा और न्यायिक तंत्र को आंतरिक स्थिरता सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश जारी किया है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, जिनपिंग ने सुरक्षा तंत्र को देश के सभी संभावित जोखिमों को खत्म करने और चीन को “अधिक सुरक्षित” बनाने का आदेश दिया। पिछले हफ्ते वाशिंगटन के अपने राजकीय दौरे से लौटने के बाद चीनी राष्ट्रपति का यह पहला बड़ा घरेलू नीतिगत निर्देश है, जो संकेत देता है कि बीजिंग का ध्यान एक बार फिर पूरी तरह घरेलू स्थिरता पर केंद्रित हो गया है।

एक उच्च स्तरीय बैठक में पहुंचे अपने लिखित निर्देश में राष्ट्रपति ने कहा कि देश के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया को निर्बाध रखने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों को ‘पीसफुल चाइना इनिशिएटिव’ (Peaceful China Initiative) को और ऊंचे स्तर पर ले जाना होगा। चीन ने इस पहल की शुरुआत साल 2013 में देश के तमाम संसाधनों को सुरक्षा जोखिमों से निपटने के लिए एकजुट करने के मकसद से की थी।

चार पैमानों पर काम करने का लक्ष्य

जिनपिंग ने सुरक्षा तंत्र को समस्याओं के तात्कालिक लक्षणों और उनके मूल कारणों—दोनों पर एक साथ वार करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर की शासन व्यवस्था में सुधार करने, कानूनी ढांचे को कड़ा बनाने और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए “तकनीकी सशक्तिकरण” (Technological Empowerment) पर निर्भरता बढ़ाने का आह्वान किया।

चीनी राष्ट्रपति ने इसके लिए चार स्पष्ट पैमाने तय किए हैं:

  • देश को अधिक सुरक्षित बनाना

  • समाज को अधिक व्यवस्थित रखना

  • शासन को अधिक प्रभावी बनाना

  • जनता की संतुष्टि के स्तर को बढ़ाना

2012 में 18वीं पार्टी कांग्रेस में सत्ता संभालने के बाद से सुरक्षा तंत्र के काम की सराहना करते हुए जिनपिंग ने दावा किया कि उनके नेतृत्व में चीन “दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक” बन चुका है।

पार्टी के भीतर अहम बैठकों की तैयारी

यह निर्देश ऐसे समय जारी किए गए हैं जब सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी आगामी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस के लिए सुचारू राजनीतिक बदलाव की जमीन तैयार कर रही है, जहां नई लीडरशिप टीम सामने आएगी। इसके अलावा, पार्टी अगले महीने के अंत में अपना पांचवां प्लेनरी सेशन (Fifth Plenary Session) आयोजित करने जा रही है, जिसका मुख्य एजेंडा पार्टी गवर्नेंस को मजबूत करना होगा।

शीर्ष अधिकारियों ने दिया अमल का भरोसा

पार्टी के पोलितब्यूरो सदस्य और ताकतवर ‘सेंट्रल पॉलिटिकल एंड लीगल अफेयर्स कमीशन’ के प्रमुख चेन वेनकिंग ने अपने मातहत अधिकारियों को जिनपिंग के निर्देशों पर बिना हिचकिचाहट अमल करने का आदेश दिया। वेनकिंग ने कहा कि सुरक्षा तंत्र को रोकथाम के साथ-साथ दंडात्मक कार्रवाई का समन्वय बनाना होगा।

जन सुरक्षा मंत्री वांग शियाओहोंग ने भी नए लक्ष्यों के तहत काम करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने और स्थिरता पर कड़ा नियंत्रण बनाए रखने के लिए नए तरीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया। इस बैठक में सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट के अध्यक्ष झांग जुन और सुप्रीम पीपुल्स प्रोक्यूरेटोरेट के प्रमुख यिंग योंग सहित देश के सभी प्रमुख न्यायिक और सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

घरेलू चुनौतियों और संगठित अपराध पर नजर

बीजिंग के लिए घरेलू सुरक्षा हमेशा से शीर्ष प्राथमिकताओं में रही है, खासकर ऐसे समय में जब देश कई तरह की आंतरिक आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से पैदा हो रहे तकनीकी व्यवधान, तेजी से बुजुर्ग होती आबादी और कमजोर पड़ती घरेलू खपत शामिल हैं। इसके अलावा, चीन ने इसी साल जुलाई में संगठित अपराध और असामाजिक ताकतों के खिलाफ साल भर चलने वाला एक सघन अभियान भी शुरू किया है, जिसमें खासतौर पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पनपने वाले अपराधों को निशाना बनाया जा रहा है।