मंत्री का स्वागत पड़ा भारी! JDU नेता की 7 लाख की सोने की चेन भीड़ में गायब

jdu
Ajay Gupta
Ajay Gupta

बिहार के मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत कार्यक्रम के दौरान अफरा-तफरी और चोरी की आशंका से हड़कंप मच गया है। सकरी चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के स्थानीय नेता राजेश मंडल के गले से करीब 7 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन गायब हो गई। यह घटना उस समय हुई जब मंत्री के स्वागत के लिए भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर मौजूद थे।

माला पहनाने के दौरान मची थी धक्का-मुक्की

जानकारी के मुताबिक, मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर सकरी चौक पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गई थी। जैसे ही मंत्री का काफिला वहां पहुंचा, कार्यकर्ताओं की भीड़ उन्हें माला पहनाने के लिए आगे बढ़ गई। इसी भारी भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच राजेश मंडल भी मंत्री को माला पहनाने पहुंचे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर हाथ रखा, तो उन्हें चेन गायब होने का पता चला। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब चेन नहीं मिली, तो उन्होंने तुरंत तुर्की थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

चोरी या टूटकर गिरने की आशंका

पीड़ित नेता ने पुलिस को दिए आवेदन में चेन की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई है और अज्ञात शख्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने शातिर तरीके से चेन चुराई या फिर भारी खींचतान के बीच चेन टूटकर जमीन पर गिर गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद तुर्की थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस उप-निरीक्षक सेंटू कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा, स्वागत समारोह के दौरान बनाए गए मोबाइल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना के वक्त पीड़ित नेता के सबसे करीब कौन लोग मौजूद थे।