मोदी ने नई टीम से 5 घंटे किया संवाद, संगठन और जमीनी काम पर दिया जोर

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को BJP की नई राष्ट्रीय टीम के सभी सदस्यों के साथ करीब पांच घंटे तक संवाद किया। भाजपा मुख्यालय में हुई इस बैठक में मोदी ने राष्ट्रीय टीम में शामिल पदाधिकारियों से व्यक्तिगत बातचीत की और उनके अनुभव, करियर तथा काम करने के तरीके के बारे में जानकारी ली।
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में 65 सदस्यों वाली नई टीम का ऐलान किया था। शनिवार को इस टीम की पहली बैठक हुई। बैठक की शुरुआत नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने की। इस दौरान नए पदाधिकारियों का आपस में परिचय कराया गया। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक में पहुंचे और शाम तक पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।
संगठन में टीमवर्क और समन्वय पर जोर
प्रधानमंत्री ने नई टीम को संबोधित करते हुए मिलकर काम करने और साझा जिम्मेदारी लेने पर जोर दिया। संगठन के अलग-अलग स्तरों के बीच मजबूत coordination बनाए रखने की बात कही गई।
मोदी ने कहा कि यह समन्वय केवल शीर्ष स्तर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संगठन के हर स्तर पर दिखाई देना चाहिए। पार्टी के प्रयासों और रणनीति का फोकस जमीनी स्तर पर काम करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर होना चाहिए।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने संगठन महामंत्री के तौर पर अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि संगठन को आगे बढ़ाने के लिए किस तरह टीम के साथ मिलकर काम किया जा सकता है।
पदाधिकारियों से अलग-अलग बातचीत
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय टीम के सदस्यों से व्यक्तिगत बातचीत भी की। उन्होंने उनके अनुभव और कामकाज के तरीके के बारे में जानकारी ली।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों के अनुभवों को मोदी ने धैर्य के साथ सुना। इसके बाद संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर टीम के साथ चर्चा हुई।
नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। इनमें वसुंधरा राजे, राम माधव, सुनील बंसल, पीयूष गोयल और स्मृति ईरानी के नाम शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के नेता हरीश द्विवेदी को भी महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
‘ऐसी बैठकें होती रहनी चाहिए’
प्रधानमंत्री ने संगठन की टीम के साथ इस तरह की बैठकें नियमित रूप से किए जाने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि ऐसे संवाद से आपसी बातचीत बेहतर होती है और नए विचार सामने आते हैं।
उन्होंने नए दृष्टिकोण विकसित होने की बात भी कही। बैठक में संगठन के भीतर बेहतर संवाद और तालमेल को आगे बढ़ाने पर जोर रहा।
पहली बैठक में ‘वंदे मातरम’ पर प्रस्ताव
नितिन नवीन की ओर से नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद शनिवार को पदाधिकारियों की पहली बैठक हुई। बैठक में ‘वंदे मातरम’ को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।
पहले चरण में नितिन नवीन और बीएल संतोष ने बैठक का संचालन किया और टीम के सदस्यों का परिचय कराया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्र के अंत में पहुंचे और पदाधिकारियों को संबोधित किया।
करीब पांच घंटे चले इस पूरे संवाद में संगठन को आगे बढ़ाने, आपसी समन्वय मजबूत करने और जमीनी स्तर पर काम को प्राथमिकता देने पर जोर रहा।
