मामूली बात पर पत्नी और ससुराल वालों ने दामाद को उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली : दिल्ली के बाहरी इलाके निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। विनय के पिता प्रेमचंद ने अपनी बहू रेखा, उसके पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद रेखा ने अपने मायके वालों को घर बुलाया। विनय के पिता की शिकायत के अनुसार, घर पहुंचने के बाद रेखा के रिश्तेदारों ने विनय के साथ मारपीट की, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। बाहरी दिल्ली के DCP विक्रम मीना ने मामले में शिकायत मिलने और केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
घरेलू विवाद के बाद मायके वालों को बुलाने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत में विनय के पिता प्रेमचंद ने बताया कि शुक्रवार को घर में विनय और रेखा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा के मायके से उसके पिता, भाई और अन्य रिश्तेदार घर पहुंचे।
प्रेमचंद के मुताबिक, उन्हें लगा कि रिश्तेदार बातचीत के लिए आए हैं। वह उन्हें ऊपर लेकर गए और पानी देने लगे। इसी दौरान विनय वहां पहुंचा और आरोप के मुताबिक, रिश्तेदारों ने उस पर हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान विनय को गंभीर चोटें आईं। बाद में उसकी मौत हो गई।
मां ने बेटे को बचाने की कोशिश का किया दावा
विनय की मां के बयान के मुताबिक, जब उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने विनय को पकड़ा, उसका गला दबाया और उसकी छाती पर भी हमला किया।
मां का आरोप है कि घटना उनकी आंखों के सामने हुई और कुछ ही मिनटों में विनय की हालत गंभीर हो गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि जब विनय के पिता उसे बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
मां ने CCTV कैमरे बंद किए जाने का भी आरोप लगाया है।
पिता के अंगूठे में फ्रैक्चर का आरोप
विनय के पिता प्रेमचंद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हमले को रोकने की कोशिश की थी। उनके मुताबिक, इस दौरान उन्हें धक्का दिया गया और उनके अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया।
उन्होंने घटना को लेकर कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि रिश्तेदार घर आए हैं और बातचीत से विवाद सुलझ जाएगा। लेकिन उनके मुताबिक, घर पहुंचने के बाद स्थिति अचानक हिंसक हो गई और विनय पर हमला कर दिया गया।
पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटनाक्रम और इसमें शामिल बताए जा रहे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बाहरी दिल्ली के DCP विक्रम मीना के मुताबिक, विनय गुप्ता की हत्या की शिकायत पुलिस को मिली है। शिकायत विनय के पिता प्रेमचंद की ओर से दी गई है। इसमें उनकी बहू रेखा, उसके पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारों पर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, निहाल विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
विनय नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था, जबकि उसकी पत्नी रेखा गृहिणी बताई गई है।
साढ़े तीन साल पहले हुई थी शादी, दो जुड़वा बच्चे
विनय के पिता के मुताबिक, विनय और रेखा की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी। दोनों के दो जुड़वा बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है।
