योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- ‘P’ की परिभाषा पाकिस्तान भी कर देंगे

cm-yogi-1-4
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

Lucknow News: लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। साथ ही समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा कि कल्याण सिंह ने भगवान राम और सनातन आस्था के सम्मान के लिए सत्ता की भी परवाह नहीं की।

मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन से लेकर शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक सम्मान के मुद्दे पर कल्याण सिंह की भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण सिंह के निधन के समय समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उन्हें उचित श्रद्धांजलि तक नहीं दी।

‘सत्ता जाती है तो जाए, राम का अपमान स्वीकार नहीं’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह दबाव में आकर फैसले लेने वाले नेता नहीं थे। उनके मुताबिक, ‘बाबूजी’ कहा करते थे कि “कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।”

मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब आंदोलन निर्णायक दौर में था, तब कल्याण सिंह ने स्पष्ट कर दिया था कि सत्ता चली जाए तो चली जाए, लेकिन भगवान राम का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।

योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त करने में कल्याण सिंह की भूमिका को इतिहास हमेशा याद रखेगा।

‘बाबूजी को श्रद्धांजलि तक नहीं दी’

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी वरिष्ठ नेता के निधन पर श्रद्धांजलि देना लोकतांत्रिक और सामाजिक शिष्टाचार का हिस्सा है।

योगी ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन के समय अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री का आरोप था कि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल होने से दूरी बनाई और उन्हें श्रद्धांजलि तक नहीं दी। योगी ने इसे केवल कल्याण सिंह का नहीं, बल्कि उनसे जुड़े सामाजिक वर्ग और सनातन समाज का अपमान बताया।

‘P’ को लेकर योगी का सपा पर तंज

कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की राजनीति पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से अपनी भाषा और परिभाषाएं बदलते रहते हैं।

योगी ने कहा, “गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग” कभी ‘P’ की परिभाषा पिछड़ा बताते हैं तो कभी पंडित। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसी दिन यही लोग ‘P’ की परिभाषा पाकिस्तान भी बता सकते हैं।

अस्पताल और कॉलेजों के नाम बदलने का उठाया मुद्दा

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महापुरुषों के नाम से जुड़े संस्थानों के नाम बदलने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि कन्नौज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने अस्पताल से उनका नाम हटाया गया।

योगी ने मैनपुरी में अहिल्याबाई होलकर के नाम पर स्थापित कॉलेज का नाम बदले जाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए और राजनीतिक कारणों से उनके नामों से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।