यूपी में रियल एस्टेट को रफ्तार, UP RERA ने 12 नए प्रोजेक्ट्स को दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश में घर या दुकान खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) ने राज्य के छह प्रमुख जिलों में 12 नए रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दे दी है। यूपी रेरा के चेयरमैन संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई 214वीं बैठक में इन प्रोजेक्ट्स पर मुहर लगाई गई। इस मंजूरी के बाद प्रदेश में कुल 1663.85 करोड़ रुपये का नया निवेश होने जा रहा है, जिससे 3,090 नए आवासीय घर और कमर्शियल यूनिट्स बनकर तैयार होंगे।
लखनऊ और गाजियाबाद को मिला बड़ा हिस्सा
इन नई मंजूरियों में सबसे बड़ा निवेश राजधानी लखनऊ और दिल्ली से सटे गाजियाबाद के हिस्से में आया है। यूपी रेरा के आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ में चार नए प्रोजेक्ट्स विकसित किए जाएंगे, जिनमें दो रेजिडेंशियल, एक कमर्शियल और एक मिक्स्ड-यूज प्रोजेक्ट शामिल है। यहां 609.35 करोड़ रुपये के निवेश से 1972 यूनिट्स का निर्माण होगा।
वहीं, गाजियाबाद में 605.06 करोड़ रुपये की लागत से तीन आवासीय प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। इन प्रोजेक्ट्स के जरिए गाजियाबाद में 574 नए घर बनाए जाएंगे।
अयोध्या, कानपुर और प्रयागराज में भी खुलेंगे नए विकल्प
लखनऊ और गाजियाबाद के अलावा प्रदेश के अन्य चार जिलों में भी रियल एस्टेट को रफ्तार मिली है। हापुड़ में 123.45 करोड़ रुपये के निवेश वाले दो प्रोजेक्ट्स से 192 यूनिट्स तैयार की जाएंगी। कानपुर में 201.72 करोड़ रुपये के एक प्रोजेक्ट से 158 यूनिट्स और प्रयागराज में 51.66 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट से 109 यूनिट्स का निर्माण होगा। इसके साथ ही, अयोध्या में भी 72.61 करोड़ रुपये के निवेश से 85 नए घरों के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है।
बिल्डर्स को समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश
इन 12 नए प्रोजेक्ट्स के शुरू होने से रियल एस्टेट सेक्टर के साथ-साथ कंस्ट्रक्शन मटीरियल, ट्रांसपोर्टेशन, इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर जैसे कई जुड़े हुए क्षेत्रों में हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
मंजूरी देने के साथ ही यूपी रेरा के चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने स्पष्ट किया है कि सभी बिल्डर्स और प्रमोटर्स को रेरा के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। अथॉरिटी ने प्रोजेक्ट्स को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि घर खरीदारों का पैसा और निवेश पर उनका भरोसा सुरक्षित रहे।
सितंबर में पहले भी पास हो चुके हैं 13 प्रोजेक्ट्स
उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट मार्केट के लिए यह महीना निवेश के लिहाज से काफी अहम रहा है। इसी सितंबर महीने में इससे पहले यूपी रेरा ने 2380.04 करोड़ रुपये की लागत वाले 13 अन्य प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी दी थी। उन परियोजनाओं के तहत बाराबंकी, लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद, नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) और आगरा में कुल 4724 घर और कमर्शियल दुकानें बनाने की योजना पर काम चल रहा है।

